Box Office Report: तीसरे दिन भी रही 'तू झूठी मैं मक्कार' की चांदी, 'पठान' का ऐसा हो गया हाल
रणबीर कपूर की फिल्म ने शानदार ओपनिंग लेते हुए यह बता दिया था कि 'पठान' की आंधी में यह खुद को बचा ले जाएगी। और...ऐसा ही हुआ है।
विस्तार
25 जनवरी के बाद से सिनेमाघरों में सिर्फ 'पठान' का नाम जपा जा रहा था। इसके बाद जो भी फिल्म आई उसने मुंह की खाई। करीब डेढ़ महीने बाद कोई ऐसी फिल्म आई है, जो 'पठान' के रहते हुए बॉक्स ऑफिस पर टिकने में कामयाब साबित हो रही है। रणबीर और श्रद्धा कपूर अभिनीत इस फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। फिल्म की रिलीज को आज चौथा दिन है और इसका पिछले तीन दिन का प्रदर्शन शानदार रहा है। वहीं, 45 दिन बाद अब पठान के कलेक्शन में अच्छी खासी गिरावट दर्ज हुई है। तो चलिए बिना देर किए जानते हैं कि शुक्रवार को किस फिल्म ने कितने कमाए...
'तू झूठी मैं मक्कार'
रणबीर कपूर की इस फिल्म ने शानदार ओपनिंग लेते हुए यह बता दिया था कि 'पठान' की आंधी में यह खुद को बचा ले जाएगी। और...ऐसा ही हुआ है। दूसरे दिन इस फिल्म के कारोबार में हल्की सी गिरावट दर्ज हुई थी। मगर, शुक्रवार को एक बार फिर उछाल आ गया है। सिनेमाघरों में इस फिल्म को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। इसका कलेक्शन यह गवाही दे रहा है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने तीसरे दिन (शुक्रवार) 11 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का टोटल कलेक्शन 37.07 करोड़ रुपये हो गया है।
Hunter Teaser: हंटर का टीजर हुआ रिलीज, इस दिन से वेब सीरीज में दिखेगा सुनील शेट्टी का एक्शन अवतार
'पठान'
शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम अभिनीत इस फिल्म की जितनी तारीफ की जाए कम है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन से ही रिकॉर्ड तोड़े हैं। अपने बाद रिलीज हुई सभी फिल्मों की इसने छुट्टी कर दी। हालांकि, अब इसके कलेक्शन में गिरावट दर्ज हो रही है। लगातार दूसरे दिन 'पठान' की कमाई घटी है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक 45वें दिन (सातवें शुक्रवार) को फिल्म ने 35 लाख रुपये का कारोबार किया। इसी के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 538.28 करोड़ रुपये हो गया है।
Shehnaaz Gill : 'बिल्ली बिल्ली' गाने पर शहनाज ने दिखाई कातिलाना अदाएं, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
'तू झूठी मैं मक्कार' की यह खूबी आ रही पसंद?
सिनेमाघरों में 'पठान' के रहते अगर कोई फिल्म अपना करिश्मा दिखा पा रही है तो यह बड़ी बात है, क्योंकि इससे पहले आईं दो बड़े स्टार्स की फिल्मों का काफी बुरा हाल रहा। लव रंजन के निर्देशन में बनी 'तू झूठी मैं मक्कार' अगर अपनी साख बचा पा रही है तो रणबीर और श्रद्धा के अभिनय के अलावा एक वजह इसकी कहानी भी है। पारिवारिक फिल्मों की कमी महसूस करने वाले दर्शकों को एक तोहफा मिला है। उम्मीद है कि शनिवार-इतवार को इसके कलेक्शन में और भी उछाल आएगा। देखना दिलचस्प होगा कि वीकएंड में पठान का कलेक्शन भी एक बार फिर बढ़ेगा या अब सिर्फ रणबीर का ही जादू चलेगा!
दोस्ती जिंदाबाद: सतीश का 'जाना' ही भूल गए अनुपम खेर, फोन उठाकर कॉल लगाया और बोले...