दलेर मेहंदी: 'मैंने जो अनुभव किया उसने मुझे छू लिया...', कॉन्सर्ट विवाद के बाद गायक ने पहली बार दिया बयान
- दलेर मेहंदी पर ऐसे आरोप लगे कि मेहंदी नशे में थे और उन्हें गाने में दिक्कत हो रही थी।
- मंत्री ने दावा किया था कि परफॉरमेंस के लिए गायक को 35 लाख रुपये दिए गए थे
- मीका सिंह ने बताया था कि गायक पिछले दो वर्षों से बीमार हैं और अभी भी ठीक हो रहे हैं।
विस्तार
दीवाली के अवसर पर सोशल मीडिया के जरिए गायक ने सभी को त्योहार की बधाई दी। साथ ही उन्होंने उस प्यार और समर्थन का भी जिक्र किया, जो उन्हें इस घटना के बाद मिला। अपने संदेश में दलेर ने कहा कि उन्हें जो समर्थन मिला, उसने उनके दिल को गहराई से छू लिया है। कुछ ऐसा जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
गायक ने कहा, 'इस दिवाली मैं खास तौर से आप सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं। पिछले कुछ वर्षों में मुझे अपने संगीत के जरिए और हर उस मंच पर जहां मैं खड़ा हुआ हूं, बहुत प्यार मिला है। मगर हाल ही में मैंने जो अनुभव किया है उसने मुझे इस तरह छू लिया है कि उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। जिस तरह से आप मेरे साथ खड़े रहे, जिस तरह से आपने मेरे लिए आवाज उठाई, मुझे नहीं लगता कि मैं कभी पूरी तरह से बता पाऊंगा कि मेरे लिए इसका क्या मतलब है। मैंने आपके संदेश पढ़े हैं, आपकी बातें सुनी हैं और आपकी प्रार्थनाओं को महसूस किया है।'
'इस मुश्किल समय में मेरा परिवार मेरी सबसे बड़ी ताकत रहा है। पूरे संगीत और मनोरंजन उद्योग को, भारत के हर कोने से संपर्क करने वाले सभी लोगों को, अपने फैंस को और पूरे देश को- प्यार, विश्वास और सम्मान के लिए धन्यवाद। मैं इसे नतमस्तक होकर और कृतज्ञता से भरे दिल के साथ स्वीकार करता हूं।'
'हो सकता है कि मैं हर संदेश या हर बात का जवाब न दे पाया हूं, लेकिन कृपया जान लें कि मैंने उन्हें देखा है, महसूस किया है और आपने मेरे प्रति जो दया दिखाई है उसे मैं कभी नहीं भूलूंगा।'
यह बयान उत्तराखंड कॉन्सर्ट की घटना के बाद दलेर मेहंदी की पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया है। जिसने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी थी। यह विवाद तब शुरू हुआ जब नई टिहरी इलाके के नरेंद्र नगर में 'सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले' के दौरान, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मेहंदी की परफॉर्मेंस के बीच में उन्हें रोक दिया और उनके गाने पर सवाल उठाए।
बाद में इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। वीडियो में मंत्री को गायक की परफॉरमेंस क्षमता पर सवाल उठाते हुए सुना जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने मेहंदी से यह भी कहा कि उन्हें एक जाने-माने कलाकार के तौर पर अपनी प्रतिष्ठा का सम्मान करना चाहिए।
इस घटना के बाद, सोशल मीडिया पर ऐसे आरोप लगे कि मेहंदी नशे में थे और उन्हें गाने में दिक्कत हो रही थी। बाद में उनियाल ने एएनआई को बताया कि उन्होंने गायक से इसलिए सवाल किया क्योंकि उन्हें लगा कि मेहंदी लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे। मंत्री ने यह भी दावा किया कि इस परफॉरमेंस के लिए गायक को 35 लाख रुपये दिए गए थे और उन्होंने कहा कि शो जिस तरह से हुआ, उससे वे खुश नहीं थे।
इसके बाद सिंगर मीका सिंह ने बताया कि गायक पिछले दो वर्षों से बीमार हैं और अभी भी ठीक हो रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दलेर शराब नहीं पीते हैं। इस तरह उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लगाए गए आरोपों का खंडन किया। इसके बाद से संगीत जगत के कई लोग मेहंदी के समर्थन में सामने आए।