Farrey: फर्रे के ट्रेलर लॉन्च पर सलमान ने भांजी अलीजेह का बढ़ाया हौसला, नए कलाकारों के लिए कही यह बात
कार्यक्रम में अभिनेता ने निर्देशक सौमेंद्र पाधी की भी जमकर तारीफ की। यह फिल्म 24 नवंबर को रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने आज (एक नवंबर) मुंबई में अपनी भांजी अलीजेह अग्निहोत्री की फिल्म 'फर्रे' का ट्रेलर लॉन्च किया। इस इवेंट के दौरान सुपरस्टार ने फिल्म को लेकर खुलकर बात की। कार्यक्रम में अभिनेता ने यह भी खुलासा अलीजेह को उनकी पहली सलाह थी कि अभिनय मत करो। वहीं, जब अलीजेह से पूछा गया गया कि इंडस्ट्री में कदम रखकर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है? इस पर उन्होंने कहा कि यह बहुत तनावपूर्ण स्थिति है।
अभिनेत्री ने कहा, ''आपको सही बातें कहनी होंगी, सही चीजें करनी होंगी, लेकिन मैं बहुत खुश भी हूं। तनावग्रस्त और खुश महसूस करना आ लगा रहता है।'' उनकी इन बातों पर सलमान ने हंसते हुए कहा, ''इंडस्ट्री में आपका स्वागत है।'' 'टाइगर 3' अभिनेता ने आज के परिदृश्य में इतने सारे नए लोगों और अपनी भतीजी के इंडस्ट्री में शामिल होने के बारे में अपने विचार भी साझा किए।
सलमान ने कहा, 'फिलहाल, जो फिल्में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, उन्हें देखते हुए लोगों को केवल हिंदुस्तानी कंटेंट ही बनाना चाहिए। जिस तरह से फिल्मों के साथ गलत हो रहा है उसे देखते हुए अलीजेह को लॉन्च करने का भी यह गलत समय है, लेकिन मैंने प्यार किया में सलमान खान, फूल और कांटे में अजय देवगन, कयामत से कयामत तक में आमिर खान, दीवाना में शाहरुख खान थे। हर किसी ने अपना रास्ता बनाया है। हर सितारा कभी इंड्स्ट्री में नया था। उनकी किस्मत उनकी पहली फिल्म की किस्मत पर निर्भर नहीं थी। अगर यह फिल्म अच्छा प्रदर्शन करती है और उसके बाद वह आत्मसंतुष्ट हो जाती हैं तो यह ठीक नहीं है, लेकिन अगर वह दस गुना अधिक मेहनत करती है, तो वह आगे आएंगी।"
अलिजेह और अन्य नए कलाकारों को सलमान ने सलाह दी कि वे आत्मसंतुष्ट न हों। अभिनेता ने कहा, "आप सभी लोग, आत्मसंतुष्ट न हों। बस काम करते रहो। गर्लफ्रेंड छोड़ के चली गई, बॉयफ्रेंड छोड़के चला गया, ये हो गया, वो हो गया, चाहे कुछ भी हुआ, तुम्हें काम पर जाना चाहिए। जब आप कैमरे के सामने हों तो उन 30 सेकंड में अपना सर्वश्रेष्ठ दें।"
सुपरस्टार ने ट्रेलर लॉन्च पर खुलासा किया कि 'फर्रे' पहले ओटीटी पर रिलीज होने वाली थी। सलमान ने कहा, " यह मूल रूप से एक ओटीटी फिल्म होने वाली थी, लेकिन जब मैंने इसे देखा तो यह बहुत अच्छी लगी। इसलिए हमने इसे सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया।'' कार्यक्रम में अभिनेता ने निर्देशक सौमेंद्र पाधी की भी जमकर तारीफ की। यह फिल्म 24 नवंबर को रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
Khichdi 2 Trailer: बाबूजी की मूंछें मुड़वा दूंगा अगर दर्शक 50 बार नहीं हंसे, जानिए किसने किया ये दावा