कोरोना के बाद: थिएटर खुलने के बाद भी घर बैठे मिलेगा फर्स्ट डे फर्स्ट शो का मजा, ये रही पूरी जानकारी
कोरोना का संक्रमण खत्म होने या काबू में आने के बाद की जिंदगी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस दौरान तमाम बड़ी हिंदी फिल्में सीधे ओटीटी पर रिलीज होकर दर्शकों तक पहुंची हैं। लेकिन, तैयारी अब इस बात की हो रही है कि सिनेमाघर खुलने के बाद भी लोगों को उनके घर में बैठे बैठे ही फर्स्ट डे फर्स्ट शो का मजा दिलाया जाए। ऐसा कैसे होगा, हम दे रहे हैं आपको पूरी जानकारी।
शायद आपको पता न हो लेकिन देश के तमाम रईसों के घरों, बंगलों या फार्महाउसेज पर मिनी थिएटर बने हुए हैं। 15-20 सीटों वाले इन सिनेमाघरों में रिक्लाइनर कुर्सियां लगी होती हैं और सामने बिल्कुल थिएटर जैसा पर्दा होता है। साउंड के इंतजाम यहां कई बार सिनेमाघरों से बेहतर होते हैं। इन घरेलू थिएटर्स में नई फिल्में सैटेलाइट के जरिए एक मोटी फीस लेकर दिखाई जाती है। ये फीस एक तय अवधि के लिए होती है, जिसके दौरान आप कितनी बार भी ये फिल्म देख सकते हैं।
अब ऐसी ही एक तकनीक जी एंटरटेनमेंट इंटरप्राइजेज (ZEE) ने विकसित की है लेकिन इसके लिए आपको अपने घर में थिएटर बनाने की जरूरत नहीं है। ये तकनीक सीधे आपके घरों में मौजूद टीवी पर ही नई फिल्मों का प्रसारण कर सकेगी। बस इसके लिए आपके पास किसी न किसी टीवी प्रसारण सेवा की डिश जरूर होनी चाहिए। नाम इसका रखा गया है जी प्लेक्स और ये देश का पहला सी2एच - सिनेमा टू होम (C2H) प्रयोग होगा।
इस तकनीक के जरिए दर्शक अपने टेलीविजन पर अपनी पसंदीदा फिल्में एक निश्चित रकम देकर देख सकेंगे। ये कुछ कुछ सिनेमा के पहले से मौजूद एप्स की तरह ही होगा, लेकिन बस इसके जरिए अब आप नई रिलीज होने वाली फिल्मों की भी घर बैठे एडवांस बुकिंग करा सकेंगे और थिएटर में रिलीज होने क साथ ही इन्हें अपने घर बैठ परिवार के साथ देख सकेंगे। ये शो एक नियमित अंतराल के बाद बार बार शुरू से शुरू होंगे और इन पर उपलब्ध समय के अनुसार दर्शक अपने शोज का चुनाव कर सकेंगे।
डिजिटल प्लेटफॉर्म यानी ओटीटी के मामले में ये सेवा देश में सिर्फ देसी ओटीटी जी5 (ZEE5) पर उपलब्ध होगी। इन फिल्मों को देखने के लिए दर्शक अपनी सुविधानुसार भुगतान कर सकेंगे। और, इसके लिए उनके पास यूपीआई और नेटबैंकिंग दोनों का विकल्प मौजूद होगा।