‘धुरंधर’ के बाद अब राकेश बेदी दिखाएंगे डांस मूव्स, इस डांसिंग क्वीन को देंगे टक्कर; साझा किया बीटीएस वीडियो
Rakesh Bedi BTS Video: राकेश बेदी ने एक बीटीएस वीडियो साझा किया है। इसमें उन्होंने बताया कि वो एक महान डांसर के साथ एक डांस सॉन्ग की शूटिंग कर रहे हैं। जानिए कौन है वो डांस क्वीन…
विस्तार
‘धुरंधर’ में अपने अभिनय से सुर्खियां बटोरने वाले अभिनेता राकेश बेदी लगातार अपने आगामी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। ‘धुरंधर’ के दोनों पार्ट्स में अपने कॉमेडी टच से लोगों का दिल जीतने वाले राकेश बेदी अब अपने डांस मूव्स दिखाने के लिए तैयार हैं। यही नहीं वो आइटम डांस की क्वीन कही जाने वाली नोरा फतेही के साथ एक गाने पर कदमताल करते नजर आएंगे। अभिनेता ने नोरा के साथ शूटिंग करने की जानकारी देते हुए बीटीएस झलक दिखाई है।
राकेश बेदी ने नोरा को बताया महान अभिनेत्री
राकेश बेदी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें उन्होंने बताया कि वो नोरा फतेही के साथ एक गाने की शूटिंग कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बीटीएस झलक भी दिखाई। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम वीडियो की शुरुआत यह कहते हुए की, ‘आज मैं भारत की सबसे बड़ी स्टार में से एक के साथ शूटिंग कर रहा हूं। सबसे बड़ी सनसनी, महान अभिनेत्री, महान डांसर। कोई और नहीं बल्कि नोरा फतेही!’
नोरा फतेही ने की राकेश बेदी के डांस की तारीफ
नोरा फतेही भी वीडियो में नजर आती हैं। वो राकेश बेदी के बगल में आकर उन्हें नमस्कार करती हैं। वह कहती हैं, ‘हाय सर, हमें आपके साथ काम करके बहुत खुशी हो रही है।’ जब राकेश ने कहा कि उन्हें उनके साथ काम करके बहुत खुशी हो रही है, तो नोरा ने भी वैसा ही जवाब दिया और कहा, ‘आप कमाल कर रहे हैं सर! मैंने आपके साथ मैच करने की पूरी कोशिश की, आपके जितना अच्छा करने की कोशिश की! आपका डांस बहुत अच्छा है, आपने बहुत अच्छा किया।
मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि सब लोग गाना देखें ताकि आपके डांस मूव्स देख सकें।’ इस पर राकेश बेदी कहते हैं, ‘कितना झूठ बोलती है ये!’ नोरा जोर से हंसते हुए कहती हैं, ‘नहीं सच सच बोल रही हूं। मैं कह रही हूं कि सर ने कमाल कर दिया है। इस गाने को सुनकर ही यकीन होगा। हम बहुत उत्साहित हैं कि आप लोग इसे देखें। मुझे लगता है कि हर शादी में लोग यह गाना बजाएंगे!’
राकेश बेदी ने ‘धुरंधर’ में पाकिस्तानी राजनेता जमील जमाली की भूमिका निभाई थी। दूसरे पार्ट में उनके किरदार ने दर्शकों के दिलों को छू लिया। वो अंत में भारतीय जासूस ही निकलते हैं। उनके कई सीन और डायलॉग सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए। फिल्म से उनका सबसे फेमस डायलॉग ‘बच्चा है तू मेरा…’ काफी पसंद किया गया।