Dhurandhar 2 Worldwide BO: विदेशों में 'धुरंधर 2' का दंगल! 'पुष्पा 2' और 'बाहुबली 2' का किला भेदने निकली फिल्म
Dhurandhar 2 Worldwide Collection: फिल्म 'धुरंधर 2' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ क्लब की तरफ कदम बढ़ा चुकी है। वहीं, वर्ल्डवाइड भी यह कमाई में उम्दा प्रदर्शन कर रही है। दुनियाभर में इसने 1500 से करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है।
विस्तार
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' सिनेमाघरों में एकछत्र राज कर रही है। 19 मार्च को रिलीज हुई यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है। अब यह 1000 करोड़ी बनने से सिर्फ चंद कदम दूर है। उम्मीद की जा सकती है कि वीकएंड पर फिल्म यह रिकॉर्ड दर्ज कर लेगी। वहीं, वर्ल्डवाइड भी इसका जलवा है।
'धुरंधर द रिवेंज' की वर्ल्डवाइड कमाई 1500 करोड़ पार
आदित्य धर निर्देशित फिल्म 'धुरंधर 2' वर्ल्डवाइड भी खूब दंगल काट रही है। आलम यह है कि यह वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में अब 'पुष्पा 2' और 'बाहुबली 2' जैसी फिल्मों का किला भेदने निकल पड़ी है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक महज दो हफ्ते में 'धुरंधर 2' ने वर्ल्डवाइड 1523.58 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार कर लिया है।
सबसे ज्यादा कमाने वाली दूसरी हिंदी फिल्म
फिल्म 'धुरंधर 2' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में पहले पायदान पर विराजमान हो चुकी है। इसने अपने ही पहले पार्ट यानी 'धुरंधर' को पीछे छोड़कर नंबर वन की कुर्सी हथिया ली है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में यह दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म है। इससे आगे सिर्फ 'दंगल' है।
वर्ल्डवाइड भारतीय फिल्मों में चौथे नंबर पर
फिल्म 'धुरंधर 2' दुनियाभर में सबसे ज्यादा कलेक्शन जुटाने के मामले में चौथे पायदान पर आ गई है। यह फिल्म अभी चूंकि सिनेमाघरों में सजी हुई है, ऐसे में उम्मीद कर सकते हैं कि इसकी स्थिति में बदलाव होगा। वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में आमिर खान की 'दंगल' पहले नंबर पर है। दूसरे नंबर पर बाहुबली-2 और तीसरे नंबर पर पुष्पा-2 है। 1500 से ज्यादा कमाई के मामले में चारों फिल्मों की स्थिति इस तरह है-
| फिल्म | वर्ल्डवाइड कलेक्शन |
| दंगल | 2070 करोड़ रुपये |
| बाहुबली 2 | 1788 करोड़ रुपये |
| पुष्पा 2 | 1742 करोड़ रुपये |
| धुरंधर 2 | 1523.58 करोड़ रुपये (16वें दिन तक) |
अमेरिकी बॉक्स ऑफिस पर भौकाल
फिल्म 'धुरंधर 2' अमेरिका में सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इसने 'बाहुबली 2' को पीछे छोड़कर यह रिकॉर्ड बनाया है। इसने अमेरिका में 24.39 मिलियन डॉलर की कमाई की है। यह रकम 200 करोड़ रुपये से ज्यादा है। इस फिल्म ने 'बाहबुली 2' के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जो करीब नौ साल पहले बना था। बाहुबली 2 ने 20.80 मिलियन डॉलर कमाए थे।