ये रही ऐश्वर्या राय की आने वाले सालों की योजना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगले साल आने वाली फिल्म जज्बा ऐश्वर्या राय बच्चन की कमबैक फिल्म होगी। परंतु बात इतने पर खत्म नहीं होगी। ऐश्वर्या लगातार फिल्मों में सक्रिय रहना चाहती हैं और इन दिनों फिल्में साइन करने के साथ नई-नई स्क्रिप्ट सुन रही हैं।
पूर्व विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय बच्चन 2015 को अपने लिए यादगार साल बनाने की तैयारियों में जुट गई हैं। बीते पांच बरसों से वह पूरी तरह से अपने घर पर ध्यान दे रही थीं और अपनी बच्ची आराध्या के पालन-पोषण में लगी थीं। परंतु अब आराध्या तीन साल की हो चुकी हैं और ऐश्वर्या एक बार फिर से बॉलीवुड की रेस में उतरने के लिए तैयार हैं।
जानकारों के अनुसार यदि सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो ऐश्वर्या अगले साल कम से कम तीन फिल्मों में नजर आएंगी। पिछले तीन महीनों में ऐश्वर्या दो फिल्में साइन करने के बाद कम से कम आधा दर्जन से ज्यादा स्क्रिप्ट सुन चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों ऐश्वर्या ने निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता की फिल्म जज्बा साइन करने के बाद धर्मा प्रोडक्शंस की ऐ दिल है मुश्किल के लिए हां कह दी है।
कर सकती हैं शाहरुख से रोमांस भी
कमबैक फिल्म जज्बा में ऐश्वर्या एक वकील की भूमिका निभाने जा रही हैं, जिसके बच्चे का अपहरण हो जाता है। फिल्म में इरफान खान और मनोज वाजपेयी भी नजर आएंगे। जबकि जॉन अब्राहम जज्बा में मेहमान भूमिका निभाएंगे। यह एक थ्रिलर है। ऐश्वर्या अपनी वापसी में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाना चाहती हैं इसलिए उन्होंने थ्रिलर के बाद करण जौहर की ऐ दिल है मुश्किल जैसी रोमांटिक फिल्म को भी हां कहा है।
फिलहाल इस फिल्म की विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। लेकिन फिल्म में रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा के होने की चर्चाएं हैं। जबकि कॉमेडी चलती का नाम गाड़ी के बारे में सभी जानते हैं कि इसमें अशोक कुमार, किशोर कुमार और अनूप कुमार थे। वहीं मधुबाला जैसी सुंदरी फिल्म की नायिका थी।
ऐसे में रीमेक में मधुबाला की जगह ऐश्वर्य से ज्यादा बेहतर चेहरा कोई नहीं हो सकता। फिल्म को रोहित शेट्टी के आज के जमाने के हिसाब से बनाएंगे। उल्लेखनीय है कि ऐश्वर्या आखिरी बार 2010 में संजय लीला भंसाली की फिल्म गुजारिश में नजर आई थीं।
अच्छी भूमिकाओं की तलाश भी
ऐश्वर्या के करीबी सूत्रों के अनुसार यह अभिनेत्री इन दिनों सिनेमा के परिदृश्य को देख कर बहुत उत्साहित है और हर तरह की भूमिका निभाना चाहती है। चर्चा यह भी है कि अमिताभ बच्चन के एबी कॉर्प के लिए ऐसी स्क्रिप्ट ढूंढी जा रही है जिसमें ऐश्वर्या लीड रोल कर सकें। एबी कॉर्प धीरे-धीरे अब पूरी तरह से फिल्म निर्माण में उतरने की तैयारी कर रहा है।
एबी कॉर्प की फिल्म ‘शमिताभ’ अगले साल रिलीज होगी। जिसमें अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। जबकि निर्देशक आर.बल्कि हैं। एबी कॉर्प द्वारा अगले साल एक और फिल्म के निर्माण की पुख्ता खबर है, जिसका नाम होगा 102 नॉट आउट।
लेखक-निर्देशक उमेश शुक्ला की फिल्म में भी अमिताभ रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि कंपनी इन दिनों ऐसी स्क्रिप्ट को जोर-शोर ढूंढ रही है जिसमें ऐश्वर्या को पर्दे पर लाया जा सके। उम्मीद की जा रही है कि एबी कॉर्प की तलाश जल्द ही पूरी होगी और अमिताभ के साथ ऐश्वर्या भी कंपनी का चेहरा बन जाएंगी।