Welcome 3: 'नाना पाटेकर-अनिल कपूर के बिना नहीं बनाता फिल्म', वेलकम 3 की कास्टिंग पर अनीस बज्मी ने तोड़ी चुप्पी
जब अनीस से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर निर्माताओं ने कोई निर्णय लिया है, तो बहुत सोच-समझकर लिया होगा।
विस्तार
अक्षय कुमार के जन्मदिन पर उनकी आगामी फिल्म वेलकम बैक टू द जंगल की घोषणा की गई थी। मेकर्स ने इस फिल्म का एक अनाउंसमेंट वीडियो जारी किया था, जिसमें कई बड़े सितारे नजर आए थे। हालांकि, नाना पाटेकर और अनिल कपूर को न देखकर फैंस काफी निराश दिखे थे। इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों के मीम्स भी जमकर वायरल हुए थे। अब अनीस बज्मी ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
जब अनीस से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने इंडिया टुडे को बताया कि वह खुद वेलकम 3 का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने फिल्म की कास्टिंग के बारे में नाना द्वारा कही गई बात को स्वीकार किया और कहा कि वेलकम 3 की कास्टिंग में उनका कोई योगदान नहीं है। उन्होंने कहा, ''अगर निर्माताओं ने कोई निर्णय लिया है, तो बहुत सोच-समझकर लिया होगा।'' इसके बाद अनीस ने कहा कि अगर वह फिल्म का निर्देशन कर रहे होते, तो नाना पाटेकर और अनिल कपूर के बिना उनके लिए यह फिल्म बनाना संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि दोनों ही किरदार आइकॉनिक रहे हैं और आज भी उनके वीडियो सोशल मीडिया पर देखे जाते हैं।
हालांकि, अनीस ने नई कास्टिंग को लेकर अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अच्छे दोस्त संजय दत्त और अरशद वारसी को वेलकम फ्रेंचाइजी में शामिल होते देखना दिलचस्प होगा। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से रचनात्मक कॉल है और वे इसे कैसे करते हैं यह उन पर निर्भर है। वेलकम 3 का निर्देशन न करने के बारे में पूछे जाने पर अनीस ने कहा कि फिल्म के अधिकार निर्माता के पास हैं जो उनके करीबी भी हैं। अगर उन्होंने फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी किसी और को सौंपी है तो उन्हें अपने विजन पर भरोसा होगा।
बता दें कि मंगलवार को नाना पाटेकर ने अपनी फिल्म द वैक्सीन वॉर के ट्रेलर लॉन्च पर वेलकम 3 के निर्माताओं पर कटाक्ष किया था। नाना ने कहा था, ''मैं इसका हिस्सा नहीं हूं, शायद उन्हें लगता है कि हम बहुत पुराने हो गए हैं।'' निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ''उन्हें नहीं लगता कि मैं इतना बूढ़ा हो गया हूं। इसलिए उन्होंने मुझे अपनी फिल्म में लिया। यह बहुत आसान है।" द वैक्सीन वॉर के साथ नाना पाटेकर काला के बाद पांच साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। फिल्म में वह भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के पूर्व महानिदेशक बलराम भार्गव की भूमिका निभाते दिखेंगे।
Kangana Ranaut: पेग पकड़ने को लेकर पीएम मोदी की ट्रोलिंग पर भड़कीं कंगना रणौत, बाइडन से पूछ डाला यह सवाल