अंतरराष्ट्रीय बैंड यू2 के गाने 'ब्यूटीफुल डे' को हिंदी में प्रस्तुत करेंगे अमाल मलिक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संगीत निर्देशक अमाल मलिक अंतरराष्ट्रीय बैंड यू2 के साथ जुड़ने जा रहे हैं। हिंदी फिल्म जगत में अपने नाम पर ढेरों हिट गाने दर्ज कराने वाले अमाल यू2 बैंड के चर्चित गाने 'ब्यूटीफुल डे' को हिंदी में प्रस्तुत करेंगे। कुणाल वर्मा इस गाने के बोल लिखेंगे तो वहीं यश नर्वेकर इस गाने को गुनगुनाएंगे। अमाल इस मौके को लेकर काफी उत्साहित हैं। वह कॉलेज के दिनों से ही यू2 के काम के बड़े फैन रहे हैं। इस बैंड का हिस्सा बनना उनके लिए किसी सपने के साकार होने जैसा है। इस प्रोजेक्ट से उन्हें अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक इंडस्ट्री में भी शोहरत मिल सकती है।
यू2 से जुड़ना खास अनुभव
अमाल के अनुसार, 'यू 2 के साथ जुड़ना मेरे लिए काफी अच्छा अनुभव है। मैं इसे खुद के सीखने के लिए एक और मौका मानता हूं। यह मेरे लिए बहुत ही खुशी की बात है कि वह मुझे, मेरे संगीत को जानते हैं और उन्होंने मुझपर भरोसा किया है कि मैं सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले गाने 'द ब्यूटीफुल' को नया रूप दूं।'
खतरनाक है रिक्रिएशन
रीक्रिएट गानों के बारे में बात करते हुए अमाल ने कहा, 'मेरे अनुसार क्लासिक गानों का रिक्रिएशन खतरनाक है और इसे बढ़ावा नहीं देना चाहिए।' हालांकि इस गाने को लेकर उन्होंने बताया, 'जब इस गाने को रचने वाले मुझपर भरोसा कर रहे हैं तो मैंने अपने आप से पूछा, 'क्यों नहीं।' इस गाने के रचनाकारों ने मुझपर भरोसा जताया है और मैं पूरी कोशिश करूंगा कि मैं उन्हें निराश नहीं करूं। ' उन्होंने आगे कहा, 'मैं अपने वर्जन को उन तक पहुंचाने के लिए काफी उत्साहित हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बैंड के प्रति मेरे प्रेम, लगाव और जुड़ाव को दर्शक भी महसूस कर पाएंगे। मैं पूरी सावधानी और प्राथमिकता से इस बैंड के अपने इस प्रोजेक्ट को पूरा करूंगा। यह मेरे लिए निजी तौर पर काफी खास है।'
ब्रेक लेंगे अमाल
इस साल अमाल मलिक, अमिताभ बच्चन की फिल्म 'बदला' के लिए सबसे कम उम्र के म्यूजिक कंपोजर बन गए हैं। 'एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' का उनका साउंड ट्रेक पिछले दशक की 25 सर्वोत्तम एलबम में शामिल है। फिल्म 'रॉय' के गाने 'सूरज डूबा' से शोहरत पाने वाले अमाल इस साल तीन फिल्म एलबम का हिस्सा रह चुके हैं। वहीं जल्द ही अमाल दो महीने के ब्रेक पर जाने के मूड में हैं। वापस लौटने के बाद वह अमोल गुप्ते और परिणीति चोपड़ा की साइना नेहवाल की बायोपिक पर काम शुरू करेंगे।