Adipurush: अब 'आदिपुरुष' के टिकट की कीमत घटकर हुई इतनी, ऑडियंस को थिएटर तक लाने के लिए मेकर्स की जद्दोजहद जारी
मेकर्स ने एकबार फिर से आदिपुरुष के टिकट के दाम घटा दिए हैं। अब अगर आप फिल्म देखना चाहते हैं तो आपको काफी कम रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ओम राउत की फिल्म आदिपुरुष इन दिनों हर किसी की जुबां पर छाई हुई है। शुरुआत में इस फिल्म का जितना प्रचार हुआ है, उस हिसाब से फिल्म में दर्शक दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। लोगों ने इस फिल्म के डायलॉग्स और सितारों के ड्रेसिंग सेंस, वीएफएक्स पर खूब सवाल उठाए हैं, जिसके बाद मेकर्स ने फिल्म के डायलॉग्स को तो बदल दिया है। अब थिएटर्स में नए डायलॉग्स के साथ फिल्म देखने को मिलेगी। इसके साथ ही मेकर्स ने दर्शकों को थिएटर तक लाने के लिए एक चाल और चली है। मेकर्स ने एकबार फिर से टिकट के दाम घटा दिए हैं। अब अगर आप फिल्म देखना चाहते हैं तो आपको काफी कम रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
इतने रुपये में देखिए फिल्म
आदिपुरुष की टिकट की कीमत अब सिर्फ 112 रुपये कर दी गई है। टी-सीरीज ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए यह जानकारी दी और बताया कि कल यानी 26 जून से दर्शक सिर्फ 112 रुपये में 3डी में फिल्म का मजा ले पाएंगे। बता दें कि इससे पहले भी मेकर्स ने फिल्म को लेकर ऐसा ऑफर निकाला था। 22 और 23 जून के लिए टिकट की कीमत सिर्फ 150 रुपये रखी गई थी, लेकिन वह ऑफर आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तामिनाडु और केरल के लिए नहीं था। हालांकि इस बार मेकर्स ने इस तरह की कोई शर्त नहीं रखी है, जिससे साफ है कि 112 रुपये में फिल्म देखने का यह ऑफर सभी जगह के लिए है।
इसे भी पढ़ें- Adipurush Row: आदिपुरुष पर प्रतिबंध लगाने को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई आज, रामकथा को निम्नस्तरीय दिखाने का आरोप
AICWA ने लगाया भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
इस बीच ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर आदिपुरुष के निर्माता, निर्देशक और लेखक के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। पत्र में लिखा गया है, 'यह पत्र आपका ध्यान आदिपुरुष नाम की फिल्म की ओर आकर्षित करने के लिए है, जो 16 जून 2023 को भारत भर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जो हिंदू धर्म और भगवान राम, मां सीता और रामसेवक भगवान हनुमान में विश्वास और प्रार्थना करने वाले लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है।'
केस दर्ज करने की मांग
पत्र में आगे लिखा है, इस फिल्म में भगवान राम और संपूर्ण रामायण की छवि को दर्शाया गया है और निर्माता मल्टीप्लेक्स में रियायती टिकट बेचकर पैसा कमाना चाहते हैं, जिससे रामायण के बारे में हमारी सीख और आस्था के बारे में गलत संदेश जाएगा। निर्माता टी- सीरीज और प्रोड्यूसर, राइटर मनोज मुंतसिर और डायरेक्टर ओम राउत ने डायलॉग, कॉस्ट्यूम और पात्रों को तोड़-मरोड़ कर रामायण का मजाक उड़ाया है, जो किसी के लिए भी अस्वीकार्य है। इसके अलावा उन्होंने मेकर्स के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।