फ्लॉप होते कंटेंट से नेटफ्लिक्स में बजी खतरे की घंटी, कोरोना काल में जी स्टूडियोज से लाए टैलेंट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुनिया के सबसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म में से एक नेटफ्लिक्स के भारत में लगातार फ्लॉप होते कंटेंट ने इसके कर्ता धर्ताओं को सोचने पर मजबूर कर दिया है। भारतीय उपभोक्ताओं के लिए अपनी कंटेंट की नीति को सुधारने के लिए वह जी स्टूडियोज से अभिषेक व्यास को लेकर आए हैं। फीचर फिल्म निर्माता कंपनी जी स्टूडियोज में अभिषेक निर्माता प्रमुख के तौर पर काम करते थे। खबरों के मुताबिक उन्होंने 7 मई यानी बृहस्पतिवार से ही नेटफ्लिक्स के ओरिजिनल कंटेंट प्रमुख आशीष सिंह और सृष्टि बहल आर्या के साथ काम करना शुरू कर दिया है।
भारत में नेटफ्लिक्स की इस साल की शुरुआत ही हुई बहुत खराब रही। उनकी शुरुआत करण जौहर, जोया अख्तर, अनुराग कश्यप और दिबाकर बनर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म 'घोस्ट स्टोरीज' से हुई। यह फिल्म पूरी तरह से फ्लॉप रही। इसके बाद कियारा आडवाणी की फिल्म 'गिल्टी' ने थोड़ा बहुत नाम कमाया है। उसके बाद तो मनीषा कोइराला की फिल्म 'मस्का' और मनोज बाजपेई, जैकलीन फर्नांडिस और मोहित रैना की फिल्म 'मिसेज सीरियल किलर' तो सिरे से नकार दी गईं। यहां तक कि 'जामताड़ा: सबका नंबर आएगा' और 'ताजमहल 1989' जैसी वेब सीरीज भी नेटफ्लिक्स का कुछ भला नहीं कर पाईं। ऐसे में उन्होंने अभिषेक व्यास के रूप में एक हुनरमंद फिल्म निर्माता को अपने यहां नियुक्त किया है।
जी स्टूडियोज में रहते हुए अभिषेक व्यास को कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'गुड न्यूज', ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' और एक्शन थ्रिलर फिल्म 'होटल मुंबई' को निर्मित करने के लिए जाना जाता है। इसके अलावा वह अनन्या पांडे और इशान खट्टर की फिल्म 'खाली पीली' और मनोज बाजपेई, फातिमा सना शेख और दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सूरज पे मंगल भारी' को भी निर्मित कर रहे थे। अब उनका टैलेंट नेटफ्लिक्स के काम आने वाला है।