Abhinav Bindra Biopic: डिब्बाबंद हुई अभिनव बिंद्रा की बायोपिक, जानिए किस वजह से नहीं बन रही फिल्म
Abhinav Bindra Biopic Shelved: हर्षवर्धन कपूर की आगामी फिल्म डिब्बाबंद हो चुकी है। यह अभिनव बिंद्रा की बायोपिक थी। आइए जानते हैं कि इस फिल्म के न बनने के पीछे की असल वजह क्या है?
विस्तार
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और निशानेबाज अभिनव बिंद्रा की बायोपिक लंबे समय से चर्चा में थी। हालांकि, अब खबर है कि यह फिल्म अब बंद हो चुकी है। हर्षवर्धन कपूर इस फिल्म को अपने पिता अनिल कपूर के साथ मिलकर प्रोड्यूस करने वाले थे। कई वर्षों तक इस फिल्म के देरी होने और बंद होने की अटकलें लग चुकी थीं।
पहले एक इंटरव्यू में हर्षवर्धन ने इस प्रोजेक्ट के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई थी। उन्होंने कहा था, "मैं चाहता हूं कि अभिनव बिंद्रा की बायोपिक बड़े पर्दे पर आए। हम एक ऐसी कहानी तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं जो अभिनव के व्यक्तित्व को सही तरीके से पेश करे।" हालांकि, अब यह साफ हो गया है कि तमाम कोशिशों के बावजूद यह फिल्म बन नहीं पाएगी।
Sharmin Segal: शर्मिन सहगल के घर जल्द गूंजेगी किलकारी, हीरामंडी एक्ट्रेस ने बिजनेसमैन अमन मेहता से की है शादी
एक सूत्र ने इस बारे में बॉम्बे टाइम्स से कहा, "फिल्म की स्क्रिप्ट में वह ड्रामा और जोश नहीं था जो इसे एक फीचर फिल्म के लिए जरूरी था। यह स्क्रिप्ट ज्यादा से ज्यादा एक डॉक्यूड्रामा के लिए उपयुक्त थी। सभी ने इसे कामयाब बनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन लंबी चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया कि यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ेगा।"
रिपोर्ट के मुताबिक हर्षवर्धन ने भी इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "हां, अभिनव बिंद्रा की बायोपिक को बंद कर दिया गया है।" आपको बता दें कि हर्षवर्धन आखिरी बार ओटीटी फिल्म 'थार' में नजर आए थे, जिसे दर्शकों और समीक्षकों ने काफी सराहा था। अब वह कुछ नए और रोमांचक प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं, जो जल्द ही सामने आएंगे।