इंटरव्यू : 'बैटल ऑफ गलवां’ से ‘मातृभूमि’ तक, अंकुर भाटिया ने बताई टाइटल की कहानी; सलमान पर भी किया खुलासा
- Ankur Bhatia interview: फिल्म 'मातृभूमि' में अभिनेता अंकुर भाटिया सैनिक की भूमिका अदा करते दिखेंगे।
- अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने फिल्म के टाइटल को लेकर बात की।
- इसके अलावा उन्होंने इस फिल्म में सलमान खान के साथ काम करने का अनुभव भी बताया।
विस्तार
'मातृभूमि' में सलमान खान के साथ काम करने वाले अंकुर भाटिया के लिए यह अनुभव खास रहा। वह बचपन से सलमान के फैन रहे हैं। फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें सलमान को करीब से देखने और उनके साथ काम करने का मौका मिला। अंकुर बताते हैं कि एक्शन सीन की बारीकियां समझने में सलमान को ज्यादा वक्त नहीं लगता। वहीं, लद्दाख में शूटिंग के दौरान उन्हें सैनिकों की जिंदगी की मुश्किलों का भी अंदाजा हुआ।
बचपन से थे सलमान के फैन
सलमान खान को अंकुर बचपन से पसंद करते हैं। उनके गानों पर डांस करने से लेकर उनके साथ फिल्म में काम करने तक का सफर उनके लिए खास रहा। अंकुर बताते हैं, 'मैं बचपन से उनका बहुत बड़ा फैन रहा हूं। जब मैं छोटा था तो टीवी पर उनके गाने आते थे। मैं उन्हीं की तरह कपड़े पहनकर डांस करता था। मेरे लिए उनके साथ काम करना बहुत बड़ा फैनबॉय मोमेंट था।'
सेट पर सलमान से कोई भी कर सकता है बात
सलमान के स्टारडम के बीच सेट पर उनका बर्ताव अंकुर को खास लगा। उनके मुताबिक, सलमान सेट पर सभी के साथ सहज रहते हैं। खाने के वक्त भी पूरी टीम को साथ बुलाते हैं। अंकुर कहते हैं, 'आमतौर पर जब मैं उनसे मुंबई में मिलता था तो उनके आसपास बहुत लोग होते थे। उनका एक अलग ऑरा है। लेकिन सेट पर मैंने देखा कि उनसे कोई भी बात कर सकता है। ऐसा नहीं है कि आप उनके पास नहीं जा सकते। वह लंच और डिनर में सभी को बुलाते हैं और साथ बैठकर खाना खाते हैं।'
दो घंटे की प्रैक्टिस को पांच मिनट में समझ लेते हैं सलमान
सलमान की एक्शन करने की रफ्तार ने अंकुर को सबसे ज्यादा प्रभावित किया। वह बताते हैं कि जिस सीन के लिए बाकी कलाकारों को घंटों अभ्यास करना पड़ता था, सलमान उसे कुछ ही मिनट में समझ लेते थे। अंकुर कहते हैं, 'हम लोग दो घंटे प्रैक्टिस करते थे, लेकिन वह पांच मिनट में चीज समझकर हमसे बेहतर कर लेते थे। उन्हें पता है कि एक्शन में कितना आगे बढ़ना है, कितनी देर करना है और किस तरह करना है। जब आप उनके साथ सीन करते हैं तो वह कई बार अपने आप कुछ चीजें जोड़ते हैं। उनका इम्प्रोवाइजेशन सीन को बेहतर बनाता है। वह जूनियर कलाकारों और स्टंटमैन का भी ध्यान रखते हैं। उन्हें पता है कि एक्शन किस तरह करना है ताकि सामने वाले को चोट न लगे। उन्हें देखकर बहुत कुछ सीखने को मिला।'
भोपाल से न्यूयॉर्क तक का सफर
अंकुर भाटिया भोपाल के रहने वाले हैं। अभिनेता बनना चाहते थे, लेकिन मध्यवर्गीय परिवार में इसे करियर बनाना आसान नहीं था। उन्होंने इंजीनियरिंग और मास्टर्स की पढ़ाई की। इसके बाद न्यूयॉर्क में फाइनेंस की नौकरी करने लगे। वहां भी अभिनय का शौक जारी रखा। अंकुर बताते हैं, 'मैं भोपाल का हूं। हमेशा से एक्टर बनना चाहता था, लेकिन हमारे परिवार में इंजीनियर, डॉक्टर या नौकरी करने को ही करियर माना जाता था। न्यूयॉर्क में नौकरी करते हुए शनिवार-रविवार को एक्टिंग सीखता था। स्टूडेंट्स के साथ छोटी फिल्में करता था। कुछ फिल्में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल तक भी पहुंचीं। फिर मुझे लगा कि अब इसे गंभीरता से करना चाहिए और मैंने नौकरी छोड़ दी।'
हिंदी फिल्मों में अपूर्व लाखिया ने दिया पहला मौका
हिंदी फिल्मों में अंकुर को पहला मौका अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘जंजीर’ से मिला। इसके बाद उन्होंने ‘सरबजीत’ और ‘हसीना पारकर’ जैसी फिल्मों में काम किया। ‘सरबजीत’ में उन्होंने बलदेव और ‘हसीना पारकर’ में इब्राहिम पार्कर का किरदार निभाया था। अंकुर बताते हैं, 'मैं जिस दिन अपूर्व से मिलने गया था, उसी दिन एक दूसरे कलाकार की डेट मैच नहीं हुई और मुझे एक छोटा किरदार मिल गया। उन्होंने कहा कि इस छोटे से रोल में अनुभव बहुत मिलेगा। इसके बाद मैंने ‘सरबजीत’ की और फिर ‘हसीना पारकर’ में काम किया।'
‘हसीना पारकर’ के लिए करीब 40 बार दिया ऑडिशन
अपूर्व लाखिया के साथ अंकुर ने कई प्रोजेक्ट में काम किया है। ‘हसीना पारकर’ के लिए उन्हें कई बार ऑडिशन देना पड़ा था। इसके बाद दोनों ने ‘क्रैकडाउन’ के पहले और दूसरे सीजन में भी साथ काम किया। अंकुर बताते हैं, '‘हसीना पारकर’ के लिए मैंने करीब 40 बार ऑडिशन दिया था। वह हर बार किरदार की अलग बारीकी समझाते थे। हमने ‘क्रैकडाउन’ के पहले और दूसरे सीजन में भी साथ काम किया। अब हमारे बीच अच्छा तालमेल है। जब उन्होंने ‘मातृभूमि’ के लिए फोन किया तो मैंने ज्यादा सवाल नहीं पूछे। मुझे पता था कि वह जो भी किरदार देंगे, अच्छा ही होगा।'
सुबह साढ़े पांच बजे शुरू होती थी ट्रेनिंग
'मातृभूमि' में सैनिक का किरदार निभाने के लिए अंकुर और बाकी कलाकारों ने करीब एक महीने तक ट्रेनिंग की। इसमें ड्रिल, क्रॉल करने, दौड़ने और सैनिकों के तौर-तरीके सीखने पर जोर था। अंकुर कहते हैं, 'हमारी ट्रेनिंग सुबह साढ़े पांच बजे शुरू होती थी। ड्रिल होती थी, क्रॉल करना सीखते थे, दौड़ना और चलना सीखते थे। एक सैनिक किस तरह खड़ा होता है, अपने सीनियर से कैसे बात करता है और यूनिफॉर्म को किस तरह कैरी करता है, यह सब सिखाया गया। यूनिफॉर्म पहनने के बाद एक अलग जिम्मेदारी भी आती है।'
छोटे-बड़े सभी कलाकारों ने साथ की ट्रेनिंग
अपूर्व लाखिया चाहते थे कि फिल्म में सैनिकों के बीच दोस्ती और अपनापन स्वाभाविक लगे। इसलिए उन्होंने सभी कलाकारों को साथ ट्रेनिंग कराई। अंकुर बताते हैं, 'उनका मानना था कि चाहे कोई छोटा रोल कर रहा हो या बड़ा, सभी सैनिकों को एक साथ ट्रेनिंग करनी चाहिए। इससे उनके बीच दोस्ती, मजाक और अपनापन अपने आप आएगा। हमारी ट्रेनिंग में सैनिकों की पारिवारिक जिंदगी को समझना भी शामिल था। इसके अलावा एक्शन की लंबी कोरियोग्राफी और कैमरे के सामने किस तरह काम करना है, इसकी भी तैयारी कराई गई।'
लद्दाख में शूटिंग का पहला दिन रहा मुश्किल
मुंबई में स्टैमिना बढ़ाने के लिए तैयारी करने के बावजूद लद्दाख पहुंचकर अंकुर को असली चुनौती का एहसास हुआ। वहां कम ऑक्सीजन, ठंड और खराब मौसम के बीच शूटिंग करना आसान नहीं था। वह कहते हैं, 'सबसे पहला दिन जो हमने लद्दाख में शूट किया था, वह सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण था। हमें बताया गया था कि वहां ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी होगी, इसलिए स्टैमिना बढ़ाना है। हम यहां जिन चीजों को स्टूडियो में आराम से कर लेते थे, वहां पहुंचकर उन्हें करना भी मुश्किल हो रहा था। ठंड बहुत थी और मौसम भी खराब था। शुरुआती दो-तीन दिन खुद को वहां के माहौल में ढालने में लगे।'
शूटिंग के दौरान नहीं हुआ कोई हादसा
लद्दाख में कई कलाकारों के साथ एक्शन सीन शूट करना आसान नहीं था। वहां के मौसम और आसपास मौजूद चीजों को देखते हुए सुरक्षा का भी ध्यान रखना था। अंकुर के मुताबिक, निर्देशक ने इसकी तैयारी पहले से कर रखी थी। वह कहते हैं, 'हमने पहले ही काफी एक्शन प्रैक्टिस की थी। अपूर्व को पता था कि वहां टेबल, पत्थर, पानी और खराब मौसम जैसी चुनौतियां होंगी। इसलिए हर चीज पहले से डिजाइन की गई थी। एक साथ बहुत सारे लोग एक्शन कर रहे थे, लेकिन सभी तैयार थे। कभी ऐसी नौबत नहीं आई कि किसी को चोट लगे या कोई एक्सीडेंट हुआ हो।'
लद्दाख में शूटिंग के बाद सैनिकों के लिए बढ़ा सम्मान
फिल्म की शूटिंग के दौरान अंकुर को समझ आया कि सैनिक किन हालात में रहते हैं। घर और परिवार से दूर, मुश्किल मौसम में ड्यूटी करना कितना चुनौतीपूर्ण होता है, इसका उन्हें पहले अंदाजा नहीं था। अंकुर कहते हैं, 'आप अपना किरदार निभा रहे होते हैं, डायलॉग बोल रहे होते हैं और एक्शन भी कर रहे होते हैं। स्क्रीन पर यह नहीं दिखना चाहिए कि आपकी हालत खराब है। तब मुझे एहसास हुआ कि सैनिक ऐसी जगहों पर कैसे रहते होंगे। अपने घर से दूर ऐसी परिस्थितियों में उनकी रोजमर्रा की जिंदगी कितनी मुश्किल होती होगी। इससे पहले मुझे अंदाजा भी नहीं था कि ऐसी जगहों पर तैनात रहना कितना कठिन होता है।'
‘मातृभूमि’ ही था फिल्म का नाम, अंकुर ने बताई अपनी जानकारी
फिल्म का प्रचार पहले ‘बैटल ऑफ गलवां’ नाम से हुआ था। बाद में इसका नाम बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया। टाइटल को लेकर अंकुर का कहना है कि उन्हें फिल्म की शुरुआत से ही इसका नाम ‘मातृभूमि’ बताया गया था। वह कहते हैं, 'कई फिल्में शुरू होती हैं तो उनके कई टाइटल होते हैं। जब यह फिल्म शुरू हुई थी तो इसका टाइटल ‘मातृभूमि’ था। हमने ‘मातृभूमि’ का सीन भी शूट किया था। इंटरनेट पर लोग अपने हिसाब से कई नाम डालते रहते हैं, लेकिन मुझे तो शुरू से ‘मातृभूमि’ ही पता था।'
सैनिक की यूनिफॉर्म पहनना था सपना
अंकुर ने अब तक कई तरह के किरदार निभाए हैं। ‘हसीना पारकर’ में वह इब्राहिम पार्कर की भूमिका में नजर आए थे। लेकिन सैनिक का किरदार निभाना उनकी पुरानी इच्छा थी। अंकुर बताते हैं, 'मैंने अब तक कई तरह के किरदार निभाए हैं। ‘हसीना पारकर’ में इब्राहिम पार्कर का किरदार किया। लेकिन एक सैनिक की भूमिका निभाना हमेशा से मेरी इच्छा थी। मैं चाहता था कि एक बार सैनिक के बूट पहनूं और उनकी यूनिफॉर्म में कोई किरदार निभाऊं। ऐसी ऑपर्च्युनिटी बहुत कम लोगों को मिलती है। इसलिए ‘मातृभूमि’ में यह भूमिका निभाना मेरे लिए बहुत खास रहा।'
फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साह भी है और डर भी
एक साल से ज्यादा समय तक ‘मातृभूमि’ पर काम करने के बाद अंकुर को अब फिल्म की रिलीज का इंतजार है। उन्हें दर्शकों की प्रतिक्रिया का भी इंतजार है। वह कहते हैं, 'किसी भी फिल्म के लिए एक्साइटमेंट रहती है, लेकिन थोड़ा डर भी होता है कि लोग उसे कैसे लेंगे। आखिरकार शुक्रवार ही तय करता है कि आपका काम और फिल्म कैसी है। फिर भी मैं कहूंगा कि 80 प्रतिशत से ज्यादा एक्साइटमेंट रहती है कि आखिरकार फिल्म आ रही है और हमने जो काम किया है, उसे लोग देखेंगे।'
