अंकित बालियान हत्याकांड: दो मुख्य आरोपियों के एनकाउंटर के बाद पत्नी स्वाति का बयान, सीएम योगी का किया धन्यवाद
Ankit Baliyan Case: हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने दो मुख्य संदिग्ध आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराया है। इसके बाद अंकित की पत्नी स्वाति ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।
विस्तार
अंकित बालियान की 26 अगस्त को उत्तर प्रदेश के शामली जिले में उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह जिम से बाहर निकल रहे थे। अब उनके आरोपियों के एनकाउंटर के बाद उनकी पत्नी का बयान सामने आया है।
सीएम योगी से हमें बहुत उम्मीदें हैं
ANI से बातचीत में अंकित की पत्नी स्वाति ने आरोपियों को राज्य के लिए ‘राष्ट्र विरोधी तत्व’ बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए खतरा हैं।
स्वाति ने कहा, ‘ऐसे समाज विरोधी तत्व सिर्फ हमारे परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए खतरा हैं। हमें मुख्यमंत्री योगी से बहुत उम्मीदें हैं। सिर्फ वही इस गैंग को खत्म कर सकते हैं। मैं अंकित के केस को इतनी गंभीरता से लेने के लिए सीएम योगी की आभारी हूं। अब जब आपने यह शुरू किया है, तो कृपया इसे आखिर तक लेकर जाएं।’
गोगी गैंग से जुड़े नेटवर्क का नाम सामने आया
उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्णा ने सोमवार को बताया कि जांच में हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की हत्या के पीछे गोगी गैंग से जुड़े एक नेटवर्क की भूमिका सामने आई है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान मामले के दो मुख्य संदिग्ध मारे गए हैं।
डीजीपी ने कहा, ‘जांच में इस हत्या के पीछे गोगी गैंग से जुड़े एक नेटवर्क की भूमिका सामने आई है। 26-27 अगस्त को राहुल उर्फ भोलू शाहपुरी से जुड़े एक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। इस दावे की भी जांच की जा रही है।’
ये भी पढ़ें- Shamli: अंकित बालियान के दो हत्यारे ढेर, शामली के औद्योगिक क्षेत्र में हुई मुठभेड़