राम बोला: ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद मेकर्स ने की अगली फिल्म की घोषणा, पेश करेंगे इस संत की कहानी
Ram Bola: फिल्म 'हनुमान अंश' के मेकर्स ने सोमवार को अपनी अगली फिल्म 'राम बोला' की घोषणा की है। यहां जानिए फिल्म की कहानी किस पर आधारित होगी?
विस्तार
विशाल ने सोशल मीडिया पर की घोषणा
फिल्म ‘राम बोला’ के बारे में निर्देशक और लेखक विशाल चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने फिल्म के पोस्टर के साथ लिखा, ‘रामबोला गोस्वामी तुलसीदास के जीवन की कहानी है, जिनकी भक्ति और साहित्यिक रचनाओं का भारतीय संस्कृति और साहित्य पर अमिट प्रभाव रहा है। यह फिल्म उनके जीवन और उनके शब्दों की विरासत को दर्शाएगी, जिनका भारत की आध्यात्मिक और साहित्यिक परंपराओं में आज भी महत्वपूर्ण स्थान है।’
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद फिल्म के निर्माता महावीर जैन दूसरी फिल्म बनाने जा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन भी विशाल चतुर्वेदी करेंगे। वहीं फिल्म का निर्माण महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय, रघुवेंद्र सिंह कर रहे हैं।
फिल्म तुलसी दास जी की विरासतों और उनकी महान रचनाओं के बारे में होगी। 14 सितंबर को मेकर्स ने फिल्म की घोषणा की। फिल्म ‘राम बोला’ गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर रौशनी डालेगी।
कौन हैं गोस्वामी तुलसीदास?
गोस्वामी तुलसीदास का स्थान प्रचीन भारतीय साहित्य में सबसे प्रभावशाली संत और कवियों में गिना जाता है। वे मुख्य रूप से रामायण के अवधी अनुवाद रामचरितमानस के लिए जाने जाते हैं, जो उत्तर भारत की सबसे महत्वपूर्ण भक्ति रचनाओं में से एक है। भगवान राम के प्रति उनके समर्पण और भक्ति को एक असाधारण उदाहरण के रूप में देखा जाता है।