बिंदु ने दो घंटे तक रोक दी थी यश चोपड़ा की फिल्म की शूटिंग? अभिनेत्री का खुलासा; बिकिनी की वजह से गई थीं नाराज
Bindu Shares Interesting Incident: 60 और 70 के दशक की चर्चित अभिनेत्री बिंदु ने हाल ही में एक दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि एक बार फिल्म 'जोशीला' की शूटिंग उनकी वजह से दो घंटे तक रुकी रही थी। जानिए क्यों?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अभिनेत्री बिंदु ने कई चर्चित फिल्मों में अपनी अदाकारी की छाप छोड़ी है। उन्होंने नेगेटिव भूमिकाओं से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है। 'कैबरे क्वीन' नाम से मशहूर बिंदु ने हाल ही में फिल्म 'जोशीला' के सेट का एक दिलचस्प खुलासा किया। बिंदु के मुताबिक, उन्होंने करीब दो घंटे तक फिल्म की शूटिंग रोक दी थी। ऐसा इसलिए, क्योंकि उन्होंने बिकिनी पहनने से मना कर दिया था। इसके कारण लगभग दो घंटे तक शूटिंग रुकी रही। बिंदु ने बताया कि शूटिंग से पहले उन्हें कॉस्ट्यूम के बारे में किसी ने नहीं बताया था, इसलिए उन्होंने इसे पहनने से इनकार कर दिया।
'कॉस्ट्यूम डिजाइनर को सेट पर बुलाया'
अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म 'जोशीला' के सेट पर बिकिनी कॉस्ट्यूम देखकर वे हैरान रह गईं। उन्होंने विक्की लालवानी के साथ बातचीत में पुरानी यादें ताजा कीं। बिंदु ने कहा, 'मैंने दो घंटे के लिए शूटिंग रोक दी, क्योंकि मैं ठीक-ठाक बिकिनी पहनने के लिए तैयार नहीं थी। बिकिनी तो बिकिनी होती है। मैंने यश जी से कहा, 'प्लीज... आपने मुझे इसके बारे में पहले कभी नहीं बताया था। मुझे इसके बारे में सेट पर पहुंचने के बाद ही पता चला'।
यश चोपड़ा बोले- 'चिंता मत करो'
बिंदु ने आगे बताया कि उन्होंने तुरंत अपने कॉस्ट्यूम डिजाइनर को सेट पर बुलाया, जबकि बाकी कास्ट और क्रू के पास इंतजार करने के अलावा कोई चारा नहीं था। आखिरकार यश चोपड़ा ने ही बीच का रास्ता निकाला और सभी को शांत किया। तब यश जी ने कहा, 'जितना हो सके पानी के अंदर ही रहो। हम उसी तरह शूट करेंगे और सिर्फ साइड और बैक के शॉट्स लेंगे'। बिंदु ने आगे कहा कि बेचारे देव आनंद जी बस चुपचाप बैठे रहे और कुछ नहीं कहा। शूट लगभग दो घंटे तक रुका रहा। मैं सोचती रही कि वह क्या सोच रहे होंगे, लेकिन यश जी ने मुझे भरोसा दिलाया और कहा, 'हम संभाल लेंगे। चिंता मत करो'।
यश चोपड़ा ने सहजता का पूरा ध्यान रखा
बिंदु पर ओरिजिनल प्लान के अनुसार काम करने का दबाव डालने के बजाय, यश चोपड़ा ने बहुत समझदारी दिखाई और सीन को इस तरह से बदला कि वह सहज और आराम से काम कर सकें। बिंदु ने बताया, 'उन्होंने मुझे पानी में उतारा, वहीं से शॉट्स लिए और फिर सिर्फ साइड और पीछे से फिल्माया। बाद में, मैंने सिनेमैटोग्राफर फाली मिस्त्री से पूछा कि यह कैसा लग रहा है। उन्होंने कहा, 'चिंता मत करो, तुम अच्छी लग रही हो, अश्लील नहीं।' उनके ऐसा कहने पर मुझे तसल्ली हुई'। बता दें कि साल 1973 में रिलीज हुई 'जोशीला' में देव आनंद, हेमा मालिनी, राखी और बिंदु ने काम किया था।