IFFLA: 23वें आईएफएफएलए में 27 फिल्में होंगी प्रदर्शित, जानिए कब से कब तक होगा आयोजन
23rd Edition of IFFLA: फेस्टिवल की शुरुआत वर्षा भरत की पहली फिल्म 'बैड गर्ल' से होगी और समापन लॉरेंस वैलिन की डेब्यू फिल्म 'लिटिल जाफना' से होगा। इस बार फेस्टिवल में 27 फिल्में दिखाई जाएंगी।
विस्तार
फेस्टिवल की शुरुआत वर्षा भरत की पहली फिल्म 'बैड गर्ल' से होगी और समापन लॉरेंस वैलिन की डेब्यू फिल्म 'लिटिल जाफना' से होगा। इस बार फेस्टिवल में 27 फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें सात फीचर फिल्में, एक डॉक्यूमेंट्री, 18 शॉर्ट फिल्में और एक एंथोलॉजी सीरीज के दो एपिसोड शामिल हैं। दो फिल्में वर्ल्ड प्रीमियर, छह नॉर्थ अमेरिकन प्रीमियर, तीन यूएस प्रीमियर और 14 लॉस एंजिल्स प्रीमियर होंगी। फिल्में भारत, नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान, अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा के साथ-साथ फ्रांस, सिंगापुर और नॉर्वे की सह-निर्मित फिल्में होंगी।
Raghav Juyal: कॉमेडी करते-करते कैसे खूंखार विलेन बने राघव जुयाल, बोले- 'इतने प्रोफेशन बदल चुका हूं...'
आईएफएफएलए की आर्टिस्टिक डायरेक्टर अनु रंगाचर ने कहा, "इस साल की फिल्में दक्षिण एशियाई सिनेमा की विविधता को दिखाती हैं। इनमें महिलाओं की कहानियां खास हैं, जो कैमरे के सामने और पीछे दोनों जगह नजर आएंगी। ये फिल्में लिंग पहचान, प्रवास, मानसिक स्वास्थ्य, जलवायु परिवर्तन और तकनीक जैसे मुद्दों पर बात करेंगी।"
फेस्टिवल की खास फिल्मों में 'सबर बोंडा (कैक्टस पियर्स)' शामिल है, जिसने हाल ही में सनडांस में ग्रैंड जूरी अवॉर्ड जीता था। रोहन कनावड़े की यह फिल्म भारत के सख्त सामाजिक नियमों में क्वीर रिश्तों की कहानी है। इसके अलावा राम रेड्डी की 'द फेबल' का नॉर्थ अमेरिकन प्रीमियर होगा। इसमें मनोज बाजपेयी एक जमींदार की भूमिका में हैं, जिसकी जमीन पर रहस्यमयी आग लगती है। फिल्म में प्रियंका बोस, तिलोत्तमा शोम और दीपक डोबरियाल भी हैं।
दीपक रौनियार की 'पूजा, सर' एक नेपाली बॉर्डर टाउन में दो लड़कों के गायब होने की जांच करती महिला डिटेक्टिव की कहानी है। रीमा दास की 'विलेज रॉकस्टार्स 2' एक किशोरी की संगीत की राह और जिंदगी की मुश्किलों को दिखाती है। अरण्य सहाय की 'ह्यूमन्स इन द लूप' एक अकेली मां और उसकी बेटी के रिश्ते की कहानी है, जो भारत के एआई उद्योग में डेटा एनोटेटर के तौर पर काम करती है। इस फिल्म के बाद एआई और तकनीक पर एक पैनल चर्चा भी होगी।प्रदर्शित होने जा रही डॉक्यूमेंट्री में नीलेश मणियार और शोनाली बोस की फिल्म 'ए फ्लाई ऑन द वॉल' है, जो एक शख्स के आखिरी पलों को दिखाती है। इसके अलावा बांग्लादेशी फिल्ममेकर नुहाश हुमायुन की सीरीज 'दुई शॉ' का लॉस एंजिल्स प्रीमियर होगा। यह एक साइकोलॉजिकल ड्रामा है। स्क्रीनिंग के बाद नुहाश एक मास्टरक्लास भी देंगे।
भारतीय फिल्म फेस्टिवल ऑफ लॉस एंजिल्स (आईएफएफएलए) 2025 में इस बार इंडस्ट्री डे को दो दिन का रखा गया है। यह फिल्म बनाने वालों के लिए खास मौका होगा, जहां वे एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे और बिजनेस के नए रास्ते तलाश सकेंगे। साथ ही, एक पिच प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें 10,000 डॉलर (लगभग 8 लाख रुपये) का इनाम जीता जा सकता है।