University News : इग्नू से ओडीएल, ऑनलाइन दोनों माध्यमों से एमबीए-एमसीए कर सकेंगे छात्र, आईपीयू के परिणाम घोषित
इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) शैक्षणिक सत्र 2022-23 में एमबीए और एमसीए प्रोग्राम में ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड (ओडीएल) से पढ़ाई करवाएगा। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद(एआईसीटीई) ने एमबीए और एमसीए प्रोग्राम ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस मोड से करवाने को मंजूरी दे दी है। इग्नू जुलाई सत्र 2022-23 के लिए एमबीए और एमसीए प्रोग्राम में ऑनलाइन और ओडीएल मोड से करवाएगा।
इग्नू प्रशासन के मुताबिक, जुलाई सत्र में ओडीएल मोड से मॉस्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, मॉस्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बैंकिंग एंड फाइनेंस), मॉस्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन विंडो ओपन की गई है। इस व्यवस्था में इसके अलावा ऑन लाइन डिग्री प्रोग्राम के तहत मॉस्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और मॉस्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन प्रोग्राम शामिल हैं। इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड के तहत इन प्रोग्राम में जुलाई सत्र में दाखिला लेने के लिए 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग के लिए छात्रों को ignouadmission.samarth.edu.in पर लॉगइन करके रजिस्ट्रेेशन करना होगा।
जुलाई सत्र से 5 ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम में पढ़ाई करने का मौका
इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी(इग्नू) शैक्षणिक सत्र 2022-23 के जुलाई सत्र से घर और नौकरी के साथ स्नातक ऑनलाइन डिग्री करने का मौका दे रहा है। इग्नू आगामी सत्र से कंप्यूटर एप्लीकेशन, कॉमर्स, लाइब्रेरी एंड इंफोरमेशन साइंसेज, टूरिज्म स्ट्डीज और सोशल वर्क प्रोग्राम में ऑनलाइन डिग्री ऑफर करेगा। इच्छुक उम्मीदवार विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकता है। इग्नू के जुलाई सत्र में दाखिले के लिए 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भरा जा सकता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम को मंजूरी दे दी है। इसी के तहत इग्नू भी आगामी शैक्षणिक सत्र से स्नातक प्रोग्राम में पांच ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम में पढ़ाई का मौका द रहा है।
18 देशों के छात्रों को 100 फीसदी स्कॉलरशिप
इग्नू 18 देशों के छात्रों को 100 फीसदी स्कॉलरशिप देगा। इसमें गिनी, कांगो, गेम्बिया, सेशल्स, माली, यूगांडा, जाम्बिया, सूडान, सोमालिया, सिएरा लियोन, मॉरीशस, नाइजीरिया, कोमोरो, मलावी, मोजाम्बिक देशों के छात्रों को भारत में उच्च शिक्षा के लिए भारत सरकार मदद करेगी। इन देशों के छात्रों को 100 फीसदी स्कॉलरशिप दी जाएगी। यह स्कॉलरशिप भारत सरकार द्वारा प्रायोजित होगी।
अब तमिल और हिंदी में भी एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
इग्नू ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (एनईपी)की सिफारिशों के तहत आगामी सत्र 2022-23 के जुलाई सत्र के लिए एमए जर्नलिज्म और मॉस कम्युनिकेशन दो भारतीय भाषाओं में शुरू करने का फैसला लिया है। इसकी पढ़ाई तमिल और हिंदी भाषा में करवायी जाएगी। इससे पहले एमए जर्नलिज्म एंड मॉस कम्युनिकेशन की पढ़ाई इंग्लिश भाषा में हो रही है। यह स्नातकोत्तर प्रोग्राम ऑनलाइन डिग्री मोड और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड दोनों से करवाया जाएगा। यह प्रोग्राम हाइब्रिड मोड से चलेगा। इग्नू के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया स्ट्डीज ( एसओजेएनएमएस) की ओर से सोमवार को एमए जर्नलिज्म और मॉस कम्युनिकेशन तमिल और हिंदी भाषा में शुरू करने का फैसला लिया गया है।
इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय ने घोषित किए प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम
गुरू गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) ने 31 प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विश्वविद्यालयों की दोनों वेबसाइट पर ये परिणाम देखे जा सकते हैं। बीएड के छोड़कर अन्य प्रवेश परीक्षाओं पर आधारित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए केंद्रीयकृत ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया में 25 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है।
विश्वविद्यालय के मुताबिक, प्रवेश परीक्षा पर आधारित पाठ्यक्रम बीएड में दाखिले के लिए विकल्प भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ राष्ट्रीय स्तर परीक्षाओं पर आधारित एमबीए, एमसीए, बीए एलएलबी/ बीबीए एलएलबी और एलएलएम में दाखिले के लिए भी विकल्प भरे जा रहे हैं। आरक्षित श्रेणी के आवेदकों के लिए दस्तावेजों के सत्यापन की ऑनलाइन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ये सारी प्रक्रियाएं 25 जुलाई तक जारी रहेंगी। इन सभी पाठ्यक्रमों की सूची और कांउसलिंग शेड्यूल समेत अन्य सूचनाएं विश्वविद्यालय की दोनों वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार, बीएड के अलावा प्रवेश परीक्षाओं पर आधारित पाठ्यक्रमों के लिए आवेदक एक हजार रुपये की काउंसलिंग फीस जमा करेंगे। फीस का भुगतान छात्र 25 जुलाई तक ऑनलाइन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए छात्र विश्वविद्यालय की दोनों वेबसाइट https://ipu.admissions.nic.in पर जा सकते हैं।
शिक्षकों के लिए इंटर डिसिप्लिनरी का रिफ्रेशर कोर्स
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने आपदा प्रबंधन(इंटर डिसिप्लिनरी) पर दो हफ्ते का रिफ्रेशर कोर्स शुरू किया है। यूजीसी-मानव संसाधन विकास केंद्र, जामिया मिल्लिया इस्लामिया और जामिया भूगोल विभाग मिलकर इस कोर्स को करवाएंगे। इस विषय पर आयोजित कोर्स में देशभर से युवा संकाय सदस्यों के प्रशिक्षण और कौशल संवर्द्धन के लिए ऑनलाइन कोर्स करवाया जाएगा। यह कोर्स 4 अगस्त तक चलेगा।