सीरो सर्वेः देश में 100 में से 21 लोगों को हुआ कोरोना, महिला-बच्चे सबसे ज्यादा चपेट में
- देश का हर चौथा स्वास्थ्य कर्मचारी हो चुका है कोरोना संक्रमित
- देश में सामने आया तीसरा सीरो सर्वे
- 26 फीसदी आबादी को संक्रमण होने की आशंका
- शहरी क्षेत्रों के झुग्गी इलाकों में 32 फीसदी तक लोग मिले हैं कोरोना संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गौर करने वाली बात है कि महिलाएं और बच्चों के नमूनों में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह खुलासा देश के तीसरे सीरो सर्वे में हुआ है। कोरोना वायरस के प्रसार का पता लगाने के लिए देश के 21 राज्य के 70 जिलों में पहुंचीं स्वास्थ्य टीमों ने 700 गांव/वार्ड में जाकर 28,589 लोगों की जांच की तो पता चला कि इनमें से 21.5 फीसदी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
इसी सर्वे में स्वास्थ्य कर्मचारियों में भी संक्रमण के प्रसार का पता लगाया गया। हर जिले से 100 स्वास्थ्य कर्मचारियों के नमूने लेकर जांच की गई तो पता चला कि 7171 स्वास्थ्य कर्मचारियों में से 25.7 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। राहत की बात है कि यह लोग संक्रमित होने के बाद ही बगैर किसी उपचार के स्वस्थ्य भी हो गए।
बृहस्पतिवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने बताया कि जिन 700 जगहों पर पहला और दूसरा सीरो सर्वे किया गया था। वहीं तीसरी बार 17 दिसंबर 2020 से आठ जनवरी 2021 के बीच सर्वे किया गया। उन्होंने बताया कि पहली बार सीरो सर्वे में स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी शामिल किया गया था।
18 वर्ष से अधिक आयु के 21.4 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले
सर्वे के अनुसार 18 वर्ष से अधिक आयु के 21.4 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। शहरी झुग्गी इलाकों में 31.7 फीसदी लोगों में कोरोना संक्रमण का पता चला है। वहीं गैर शहरी झुग्गी इलाकों में 26.2 और ग्रामीण क्षेत्रों में 19.1 फीसदी लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।
सर्वे के अनुसार जांच के दौरान 20.3 फीसदी पुरूषों में प्रतिरोधक क्षमता पता चली है। जबकि 22.7 फीसदी महिलाओं में संक्रमण का पता चला है। 10 से 17 वर्ष के बीच किशारों में सर्वाधिक 25.3 फीसदी कोरोना की चपेट में आए हैं।
डॉ. बलराम भार्गव का कहना है कि सीरो सर्वे के परिणाम साफ इशारा कर रहे हैं कि देश में कोरोना टीका की जरूरत काफी है। हालांकि मास्क, सोशल डिस्टैसिंग और हाथों की सफाई पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। कोरोना महामारी से निपटने के लिए सावधानी ही सबसे बड़ी कुंजी है।
डॉक्टर-नर्स सबसे ज्यादा हुए संक्रमित
21 राज्यों के 70 जिलों में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे डॉक्टर-नर्स सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले हैं। सर्वे के दौरान जिन 26.6 फीसदी नमूनों में एंटीबॉडी मिली हैं वह डॉक्टर और नर्स के नमूने हैं। इनके अलावा 25.4 फीसदी पैरामेडिकल, 25.3 फीसदी फील्ड स्टाफ और 24.9 फीसदी अस्पतालों में कार्यरत कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
एंटीबॉडी मिलने वालों की आयु
आयु (वर्ष में) संख्या (फीसदी में)
10-17 25.3
18-44 19.9
45-60 23.4
60 से अधिक 23.4
जरूरी फैक्ट्स
. 19.1 फीसदी ग्रामीण आबादी को अब तक हो चुका है कोरोना संक्रमण।
. 31.7 फीसदी शहरी झुग्गी, 26.2 फीसदी गैर शहरी झुग्गी इलाकों में रहने वाले आ चुके हैं कोरोना की चपेट में।
. देश का हर चौथा स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित होने के बाद हो चुका है स्वस्थ्य।