दिल्ली: राजधानी में नशे की खेप बरामद, कीमत है 50 करोड़; ऐसे चलता था पूरा नेटवर्क, पुलिस ने किया फंडाफोड़
रोहिणी पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने दिल्ली-एनसीआर से यूपी तक फैले हेरोइन तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद हुई है।
विस्तार
राजधानी दिल्ली को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत रोहिणी पुलिस ने हेरोइन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। स्पेशल स्टाफ टीम ने दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैले कथित ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
लक्ष्मण हुड्डा गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को स्पेशल स्टाफ टीम को बेगमपुर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थ की आवाजाही की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने एक कार को रोककर रोहतक निवासी लक्ष्मण हुड्डा (58) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
ऐसे मिले सुराग
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। इसके बाद 17 सितंबर को हरियाणा के सोनीपत से मुख्य सप्लायर अनिल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 501 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
दिल्ली-एनसीआर तक नहीं थी सप्लाई
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि हेरोइन की सप्लाई दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं थी। इसके पीछे उत्तर प्रदेश में कथित तौर पर संचालित एक निर्माण इकाई और बड़ा सप्लाई नेटवर्क था। इसके बाद पुलिस टीम ने लखनऊ के सीता कॉलोनी, जानकीपुरम स्थित एक ठिकाने पर छापा मारा।
फैक्टरी संचालक बबलू गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6.275 किलो तैयार हेरोइन के अलावा हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण बरामद किए। मौके से फैक्टरी संचालक बरेली निवासी बबलू (35) को गिरफ्तार किया गया।
बरेली से मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री संचालक बबलू से पूछताछ के बाद कथित निर्माण इकाई के मालिक और मुख्य स्रोत सप्लायर रुकसार अली उर्फ राजू के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने करीब 120 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बरेली से उसे गिरफ्तार कर लिया।
रोहिणी के पुलिस उपायुक्त शोभित जयसवाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और इसकी वित्तीय कड़ियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।