{"_id":"60f8a9b296e61f49961cbc63","slug":"farmers-parliament-march-police-alert-new-delhi-area-divided-into-five-zones","type":"story","status":"publish","title_hn":"किसानों का संसद मार्च : पुलिस अलर्ट, नई दिल्ली इलाके को पांच जोन में बांटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
किसानों का संसद मार्च : पुलिस अलर्ट, नई दिल्ली इलाके को पांच जोन में बांटा
Thu, 22 Jul 2021 04:41 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 22 Jul 2021 04:41 AM IST
सार
- जंतर-मंतर पर किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए लिया फैसला
- दिल्ली पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया
- राज्य बॉर्डर और नई दिल्ली के एंट्री पाइंट पर हर वाहन की होगी जांच
- संसद भवन की सुरक्षा 24 घंटे रहेगी, खुफिया विभाग को किया अलर्ट
विज्ञापन
पुलिस बंदोबस्त...जंतर मंतर पहुंचे पुलिस आयुक्त
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
26 जनवरी को हुई हिंसा के कड़े अनुभव को देखते हुए किसानों के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस इस बार सुरक्षा में कोई चूक नहीं छोड़ना चाहती है। नई दिल्ली के अति वीआईपी इलाके को पांच जोन में बांटा गया है। हर जोन की सुरक्षा की जिम्मेदारी एक डीसीपी स्तर की अधिकारी को सौंपी गई है।
विज्ञापन
राज्य बॉर्डर के अलावा नई दिल्ली के एंट्री पाइंट पर जबरदस्त पिकेट चेकिंग व्यवस्था की गई है। हर वाहन को चेक करने के बाद ही नई दिल्ली में प्रवेश दिया जाएगा। 24 घंटे संसद भवन की सुरक्षा रहेगी। दिल्ली पुलिस के खुफिया विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है।
विज्ञापन
नई दिल्ली के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जंतर-मंतर, इंडिया गेट, विजय चौक, कनॉट प्लेस व बाराखंभा को पांच जोन में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी एक डीसीपी संभालेगा। जोन में दिल्ली पुलिस, बाहरी पुलिस व अर्धसैनिक बल भी तैनात रहेंगे। जोन में प्रवेश करना व निकलना आसान नहीं होगा। जंतर-मंतर व विजय चौक को विशेष जॉन बनाया गया है। पुलिसकर्मी बृहस्पतिवार सुबह अपने ड्यूटी पाइंट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल लेंगे।
विज्ञापन
राज्य के बॉर्डरों पर चेकिंग के बाद ही वाहनों को दिल्ली में प्रवेश दिया जाएगा, जिस वाहन में किसान जैसे लोग बैठे होंगे उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा। नई दिल्ली के हर एंट्री पाइंट पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
प्रत्येक एंट्री पाइंट पर दो से तीन जगह बैरिकेडिंग रहेगी। एंट्री पाइंट पर क्रेन व जर्सी बैरियर रख दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने एंट्री पाइंट पर दो दिन पहले मॉक ड्रिल की थी कि अगर बड़ी संख्या में भीड़ एक साथ आ जाए तो उसे कैसे संभाला जाएगा। इस बात के भी आदेश दिए गए हैं कि नई दिल्ली इलाके में ट्रैक्टर आदि प्रवेश न कर पाए।
पुलिस आयुक्त जंतर-मंतर पहुंचे
दिल्ली पुलिस आयुक्त बालाजी श्रीवास्तव बुधवार दोपहर जंतर-मंतर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वह व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए। वह काफी देर तक वहां रहे और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
नई दिल्ली जाने से बचें, लग सकता है जाम
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली इलाके में एंट्री पाइंट पर बृहस्पतिवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होगी। जगह-जगह पिकेट चेकिंग की जाएगी। इस स्थिति के कारण नई दिल्ली में जाम लगने की आशंका है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह नई दिल्ली आने से बचें।