दिल्ली: पारिवारिक बात को लेकर झगड़े में युवक ने की बहन की गला दबाकर हत्या, दोनों करते थे नशा
छानबीन में पुलिस ने युवती के गले पर घोटे जाने का निशान देखा। पूछताछ करने पर पता चला कि विनीता का भाई के साथ पारिवारिक बात को लेकर झगड़ा हुआ था। बात इतनी बढ़ गई कि विकास ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
विस्तार
महेंद्र पार्क इलाके में पारिवारिक बात को लेकर हुए झगड़े में एक युवक ने अपनी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके पर ही मौजूद था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में करने के बाद छानबीन शुरू की और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला है कि दोनों नशे के आदी थे।
मृतका की शिनाख्त विनीता (24) के रूप में हुई है। वह शादीशुदा थी और शुक्रवार को रामगढ़ इलाके में रहने वाले अपने भाई विकास के पास आई थी। विकास यहां अपनी छोटी बहन के साथ रहता है। शनिवार शाम करीब चार बजे पुलिस को विनीता की हत्या किए जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे के एक कोने में युवती का शव पड़ा है।
छानबीन के दौरान पुलिस ने युवती के गले पर घोटे जाने का निशान देखा। पूछताछ करने पर पता चला कि विनीता का अपने भाई के साथ पारिवारिक बात को लेकर झगड़ा हुआ था। बात इतनी बढ़ गई कि विकास ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। विकास मौके पर मौजूद था, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि झगड़े के दौरान गुस्से में उसने बहन का गला दबा दिया। तफ्तीश के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों भाई बहन नशे के आदी हैं। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन कर रही है।