दिल्ली: पूर्वी जिला में साप्ताहिक बाजार अगले आदेश तक बंद, प्रशासन ने की सख्ती
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट लागू कर दिया गया है। इसके बावजूद बाजारों में भीड़ कम नहीं हो रही है। अब प्रशासन ने सख्ती करनी शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सड़कों के किनारे लगने वाले पटरी बाजारों और साप्ताहिक बाजारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। लापरवाही बरतने पर पूर्वी दिल्ली में कई जगहों पर पटरी बाजार लगाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई है। दो साप्ताहिक बाजारों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
कोरोना के बढ़ते प्रभाव के कारण दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी है। इसके बावजूद आम लोगों के साथ दुकानदार भी बेपरवाही के साथ कोरोना के प्रसार की वजह बन रहे हैं। दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार इसमें प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
प्रशासन के आदेशों की धड़ल्ले से हो रही अवहेलना
ग्रैप-एक लागू होने के बाद पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने साफ तौर पर यह स्पष्ट किया था कि शाहदरा उत्तरी और दक्षिणी जोन में प्रत्येक दिन केवल एक स्थान पर ही साप्ताहिक बाजार लगाए जा सकेंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया था कि सड़कों के किनारे रेहड़ी पटरी नहीं लगाई जाएंगी। लेकिन धड़ल्ले से कई जगहों पर प्रशासन के आदेश की अवहेलना हो रही है।
भजनपुरा और खजूरी में शराब के ठेके सील
इसी के चलते स्थानीय प्रशासन ने सोनिया विहार और जौहरीपुर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार को अगले आदेश तक के लिए बंद करा दिया है। एसडीएम करावल नगर के आदेश पर कार्रवाई की गई है। इसी प्रकार सीलमपुर एसडीएम कार्यालय की टीम ने भजनपुरा और खजूरी में शराब के ठेकों को सील कर दिया है। जरूरत से ज्यादा भीड़ होने के चलते इनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने दोनों ठेका संचालकों पर 15-15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। उत्तरी और दक्षिणी निगम क्षेत्र में भी साप्ताहिक बाजारों और पटरी बाजारों में धड़ल्ले से भीड़भाड़ हो रही है। यहां प्रशासन कब कार्रवाई करेगा यह देखने वाली बात है।