दिल्ली: 6.2 किग्रा हेरोइन के साथ विदेशी समेत दो गिरफ्तार, मादक पदार्थ की कीमत 40 करोड़ रुपये
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में हेरोइन की तस्करी धड़ल्ले से की जा रही है। इसके बाद एक टीम बनाकर घेराबंद की गई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल सेल ने 40 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ नाइजीरियन समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से 6.2 किलो हेरोइन बरामद की गई है। ये हेरोइन की सप्लाई दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में करते थे। गिरफ्तार नाइजीरियन कोरियर के जरिए दूसरे देशों में हेरोइन भेजता था। मादक पदार्थो की तस्करी करने को लेकर नाइजीरियन को 20 वर्ष की सजा हो रखी है।
स्पेशल सेल डीसीपी जसमीत सिंह के अनुसार सूचना मिली थी कि नाइजीरियन लोग अपने साथियों के साथ पश्चिमी दिल्ली में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला अंतरराष्ट्रीय गिरोह चला रहे हैं। इस गिरोह के सदस्य दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के बाद एसीपी अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह की विशेष टीम गठित की गई।
करीब दो महीने की जांच के बाद 12 मई को सूचना मिली थी कि गिरोह का सदस्य राकेश उर्फ रॉकी हेरोइन की सप्लाई करने लुधियाना, पंजाब जाएगा। वह हेरोइन की खेप लेकर पंजाब जाने के लिए मुकरबा चौक बस स्टैंड, जीटी करनाल रोड पर आएगा। एसीपी अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह, रणजीत व इंस्पेक्टर आदित्य की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने 12 मई को रात करीब 9.30 बजे जीटी करनाल रोड पर घेराबंदी कर आरोपी चाणक्य प्लेस, जनकपुरी निवासी राकेश (37) को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास मौजूद बैग से चार किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।
राकेश ने बताया कि वह हेरोइन की खेप उत्तम नगर में किराए पर रह रहे नाइजीरियन ओबुमुनेमे नवाचुकु (47) से लेता था। ओबुमुनेमे हेरोइन अपने देश के साथियों से लेता था। वह नाइजीरियन व्यक्ति के कहने पर ही पंजाब में हेरोइन की सप्लाई करता था। राकेश की निशानदेही पर पुलिस टीम ने 14 मई को ओबुमुनेमे के घर पर दबिश दी। पहले तो उसने गेट नहीं खोला। उसने काफी मात्रा में मादक पदार्थ शौचायल में बहा दिया था।
पुलिस टीम जबरदस्ती आरोपी के घर में घुसी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 2.2 किलो हेरोइन बरामद की गई। आरोपी के घर से हेरोइन की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, तौलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन व हेरोइन को पार्सल करने के लिए इस्तेमाल होने वाली अन्य वस्तुएं बरामद की गई हैं।
ओबुमुनेमे भारत में अवैध रूप से रह रहा था
ओबुमुनेमे ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह वर्ष 2009 में पर्यटक वीजा पर भारत आया था, लेकिन वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अपने देश नहीं लौटा। तब से वह अवैध रूप से दिल्ली में रह रहा है। उसने खुलासा किया है कि वह एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में आठ साल बाद जेल से बाहर आने के बाद दिल्ली और पंजाब में अन्य नाइजीरियाई नागरिकों के साथ दो वर्ष से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।
उसने बताया कि वह जनकपुरी इलाके में रहने वाले एक अन्य साथी नाइजीरियाई नागरिक से हेरोइन लेता था। उसका जनकपुरी वाला सहयोगी दिल्ली में अफगान नागरिकों से हेरोइन की खेप लेता था। पंजाब के एक व्यक्ति से हेरोइन की खेप का ऑर्डर मिलने के बाद हेरोइन पंजाब भेज रहा था। पंजाब का ये व्यक्ति उसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर निर्देश देकर हेरोइन मंगाता था।
20 वर्ष की सजा हो रखी है
ओबुमुनेमे को उसके दो साथियों के साथ एनसीबी, दिल्ली जोन ने वर्ष 2012 में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस समय ये कोरियर कंपनियों के माध्यम से दूसरे देशों में मादक पदार्थ भेजता था। उस समय इसके कब्जे से 1.7 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। इस मामले में अदालत ने वर्ष 2018 में ओबुमुनेमे सहित सभी तीन लोगों को दोषी ठहराया था। दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। ओबुमुनेमे आठ साल तक जेल में रहा और वह दिल्ली हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद फरवरी 2020 में जेल से बाहर आया। जेल से बाहर आने के तुरंत बाद उसने फिर से मादक पदार्थों की तस्करी शुरू कर दी।
आउटर दिल्ली में पांच करोड़ की हेरोइन बरामद
आउटर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त ब्रिजेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस को आउटर नॉर्थ दिल्ली पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ जंग में काफी बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को हमने पांच करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है। उन्होंने बताया कि राजू नाम के व्यक्ति के पास से ये बरामद हुई है। ये झारखंड से माल लेकर दिल्ली में सप्लाई करता था।