{"_id":"634c8b9222156a0273790337","slug":"delhi-news-delhi-politics-heats-up-on-cbi-notice-to-sisodia","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi News : सिसोदिया को सीबीआई नोटिस पर गरमाई दिल्ली की सियासत, केजरीवाल के ट्वीट पर भाजपा हमलावर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi News : सिसोदिया को सीबीआई नोटिस पर गरमाई दिल्ली की सियासत, केजरीवाल के ट्वीट पर भाजपा हमलावर
Mon, 17 Oct 2022 04:24 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 17 Oct 2022 04:24 AM IST
सार
Delhi News :शराब घोटाले के मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई नोटिस के बाद सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री के अलावा आप सांसद संजय सिंह, विधायक आतिशी समेत आप नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि गुजरात में आप के बढ़ते ग्राफ से भाजपा घबरा गई है।
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शराब घोटाले के मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई नोटिस के बाद सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई आप नेताओं ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि 75 साल बाद देश को एक शिक्षा मंत्री मिला, जिसने गरीबों को अच्छी शिक्षा देकर सुनहरे भविष्य की उम्मीद दी। करोड़ों गरीबों की दुआ उनके साथ है। उन्होंने कहा कि भाजपा आप से घबरा गई है। मुख्यमंत्री के अलावा आप सांसद संजय सिंह, विधायक आतिशी समेत आप नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि गुजरात में आप के बढ़ते ग्राफ से भाजपा घबरा गई है। इन नेताओं ने सिसोदिया की गिरफ्तारी का भी दावा किया।
विज्ञापन
वहीं, मुख्यमंत्री के जवाब में भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि कट्टर भ्रष्ट, अपराधी और शिक्षा की जगह शराब का धंधा करने वाले सिसोदिया और स्वास्थ्य की जगह हवाला कारोबार करने वाले सत्येंद्र जैन की तुलना मां भारती के वीर सपूत शहीद भगत सिंह से करने का पाप आधुनिक युग का भ्रष्टाचारी ही कर सकता है।
विज्ञापन
उधर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि आप नेता बिना बात हंगामा करते हैं। जांच एजेंसी अभियुक्त जांच करने के लिए समन करती है। इसका मतलब यह नहीं कि एजेंसी उन्हें गिरफ्तार करने जा रही है। यह समझ से परे है कि आप सांसद संजय सिंह, विधायक सौरभ भारद्वाज और आतिशी किस आधार पर सोमवार को सिसोदिया की गिरफ्तारी का दावा कर रहे हैं। वहीं, भाजपा उपाध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि भगत सिंह से तुलना करना मुख्यमंत्री की आपराधिक मानसिकता को दर्शाता है। जनता सब जानती है और आगामी चुनावों में भाजपा को सबक सिखाने को तैयार है।
विज्ञापन
सिसोदिया को नोटिस गुजरात में भाजपा की हार का संकेत : संजय सिंह
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि गुजरात में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की चुनावी रैलियों से पहले सीबीआई का नोटिस भाजपा की हार का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि सीबीआई ने नोटिस पूछताछ के लिए नहीं, बल्कि गिरफ्तार करने के लिए बुलाया है। गुजरात में भाजपा को हार का डर सता रहा है। सांसद ने कहा कि गुजरात में मनीष सिसोदिया की रैलियां, सभाएं और प्रचार का कार्यक्रम लग रहा है।
उससे पहले गिरफ्तारी और जेल में डालने का नोटिस है, जबकि इससे पहले मनीष सिसोदिया पर 10 हजार करोड़ का घोटाला करने का झूठा आरोप लगाया। सीबीआई ने 10 हजार करोड़ के घोटाले को पकड़ने के नाम पर 500 जगह पर छापेमारी की है। उनके घर सीबीआई ने 14 घंटे छापेमारी की। फिर भी बेनामी संपत्ति, एक रुपये की बरामदगी और भ्रष्टाचार का कोई सबूत नहीं मिला। इससे हताश होकर वे मनीष सिसोदिया के बैंक का लॉकर चेक करने चले गए।
आप के बढ़ते ग्राफ से भाजपा घबराई : भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा के इशारे पर जितने आप नेताओं को गिरफ्तार किया जाएगा, उतना ही पार्टी गुजरात में मजबूत होगी। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में आबकारी नीति में 10 करोड़ रुपये का घोटाला होने का बेबुनियाद आरोप लगाया जा रहा है, क्योंकि सीबीआई-ईडी कम से कम 500 अलग-अलग जगहों पर छापे मार चुकी है, लेकिन उनको कुछ नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर सहित सैकड़ों जगह पर छापे मारे, लेकिन 10 हजार करोड़ में से क्या मिला? उन्होंने कहा कि गुजरात में लोग परिवर्तन चाहते है। वहां भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सीधी टक्कर है। ऐसे में भाजपा घबराई हुई है। उनकी घबराहट हर जगह दिख रही है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का गुजरात चुनाव प्रचार को लेकर आने वाले एक महीने के कार्यक्रम तय है। गुजरात में प्रचार से रोकने के लिए मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया जाएगा।
आप को रोकने के लिए भाजपा रच रही षड्यंत्र : आतिशी
आप विधायक आतिशी ने आरोप लगाया है कि पार्टी को रोकने के लिए भाजपा षड्यंत्र रच रही है। केंद्र सरकार के इशारे पर सीबीआई ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को तलब किया है। आतिशी ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने सात साल में दिल्ली के लाखों बच्चों को अच्छी शिक्षा और एक अच्छा भविष्य देने के लिए लगा दिए, अगर भाजपा ने सोमवार को मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कराया तो गुजरात में आप को वोट एकदम से उठेगा, क्योंकि गुजरात के लोग इस सारी कवायद को देख रहे हैं कि किस तरह से आम आदमी पार्टी को रोकने की कोशिश की जा रही है। \
निष्पक्ष जांच के लिए मंत्रिपद से इस्तीफा दें सिसोदिया : कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि सीबीआई नोटिस के बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे सिसोदिया को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करें। अनिल कुमार ने कहा कि जब सीबीआई ने कुछ हफ्ते पहले 15 घंटे से अधिक समय तक उनके घर की तलाशी ली थी तो सिसोदिया ने अपने आप को निर्दोष साबित किया। यह कहकर इसे कम आंकने की कोशिश की कि सीबीआई को उनके आवास से कुछ भी नहीं बरामद किया।