{"_id":"69e0a332bfad596eba0ac290","slug":"delhi-lg-taranjeet-singh-sandhu-reviewed-the-functioning-of-delhi-fire-service-2026-04-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में फायर सर्विस की समीक्षा: एलजी ने सुधार पर दिया जोर, सतर्कता बढ़ाने के दिए निर्देश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में फायर सर्विस की समीक्षा: एलजी ने सुधार पर दिया जोर, सतर्कता बढ़ाने के दिए निर्देश
Thu, 16 Apr 2026 02:23 PM IST
Rahul Kumar Tiwari
आदित्य पाण्डेय, अमर उजाला, नई दिल्ली
आदित्य पाण्डेय, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Rahul Kumar Tiwari
Updated Thu, 16 Apr 2026 02:23 PM IST
सार
दिल्ली के एलजी तरनजीत सिंह संधू ने फायर सर्विस की समीक्षा कर आधुनिकीकरण, ढांचा सुधार और कर्मियों की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। नियमों में बदलाव के लिए व्यापक परामर्श की बात कही और गर्मी के मद्देनजर सतर्कता व जनजागरूकता अभियान के निर्देश दिए।
विज्ञापन
दिल्ली में फायर सर्विस की समीक्षा
- फोटो : @LtGovDelhi
विस्तार
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बृहस्पतिवार को दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) की कार्यप्रणाली, गर्मियों की तैयारी और फायर सर्विस नियमों की समीक्षा की। उन्होंने बढ़ती आबादी को देखते हुए फायर स्टेशनों की संख्या बढ़ाने, खाली पद जल्द भरने और आपात सेवाओं को बेहतर तरीके से जोड़ने के निर्देश दिए। इसके लिए संसाधन की कमी नहीं होगी।
विज्ञापन
उपराज्यपाल ने दिल्ली फायर सर्विस की समीक्षा बैठक में राजधानी की बढ़ती जरूरतों के हिसाब से दमकल व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक करने को कहा है। बैठक में दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव, प्रधान सचिव (गृह), दिल्ली फायर सर्विस के वरिष्ठ अधिकारी और विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गर्मी के मौसम और बढ़ते तापमान को देखते हुए एलजी ने विभाग के समर एक्शन प्लान की समीक्षा की और आने वाले महीनों में ज्यादा सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मियों में आग लगने की घटनाएं बढ़ती हैं, इसलिए तैयारी पूरी रहनी चाहिए।
विज्ञापन
फायर, एंबुलेंस और पीसीआर का एक ही इमरजेंसी नंबर होगा
एलजी ने फायर, एंबुलेंस और पीसीआर सेवाओं को एक साझा इमरजेंसी नंबर से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आग लगने जैसी घटना में तीनों सेवाओं की एक साथ जरूरत पड़ती है, इसलिए इन्हें एक ही जगह से संचालित किया जाना चाहिए। खासकर उन इलाकों में, जिन्हें आग की दृष्टि से संवेदनशील माना गया है, वहां यह व्यवस्था जल्द लागू की जाए।
विज्ञापन
इस बैठक में दिल्ली फायर सर्विस नियम 2010 में प्रस्तावित बदलावों पर भी चर्चा हुई। एलजी ने कहा कि नए नियम बनाने से पहले लोगों, व्यापारियों, दुकानदारों और रेजिडेंट्स से व्यापक सलाह ली जाए, ताकि नियम व्यवहारिक, आसान और सभी के हित में हों। उन्होंने कहा कि किसी भी नियम का उद्देश्य लोगों की जिंदगी आसान बनाना और कारोबार को सुविधा देना होना चाहिए। साथ ही फायर सेफ्टी के मानकों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
फायर के अब 39 सब-डिवीजन होंगे, नई भर्ती होगी
एलजी को बताया गया कि विभाग में प्रशासनिक ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत जोन की संख्या 3 से बढ़ाकर 5, डिवीजन 6 से बढ़ाकर 13 और सब-डिवीजन 18 से बढ़ाकर 39 किए जाने का प्रस्ताव है। इस पर एलजी ने इसे जल्द लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग में स्वीकृत पदों के मुकाबले बड़ी संख्या में खाली पदों पर चिंता जताई और कहा कि भर्ती प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। इसके लिए समयसीमा तय कर रिपोर्ट लोकनिवास को भेजने को कहा गया है।
दिल्ली की बढ़ी आबादी के लिहाज से बढ़ेंगे फायर स्टेशन
राजधानी में फिलहाल 71 फायर स्टेशन हैं। एलजी ने कहा कि दिल्ली की आबादी तेजी से बढ़ी है, इसलिए फायर स्टेशनों की संख्या भी चरणबद्ध तरीके से बढ़ाई जानी चाहिए। इस संबंध में जल्द विस्तृत योजना मांगी गई है। बैठक में बताया गया कि दिल्ली फायर सर्विस अब सिर्फ आग बुझाने तक सीमित नहीं है। विभाग पशु बचाव, पक्षी बचाव और अन्य आपात स्थितियों में भी मदद करता है। वर्ष 2025-26 में कुल 36,877 इमरजेंसी कॉल दर्ज की गईं। एलजी ने लोगों को जागरूक करने के लिए बड़े अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों, अस्पतालों, गृहिणियों, प्रोफेशनल्स और अन्य वर्गों को आग से बचाव, सुरक्षा नियमों और आपात स्थिति में सही कदमों की जानकारी दी जाए।