Delhi : शराब घोटाले में अब केजरीवाल के पीए से ईडी ने की पूछताछ, पीएमएलए प्रावधानों के तहत बयान दर्ज
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली शराब घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार से बृहस्पतिवार को पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि कुमार ने संघीय जांच एजेंसी के समक्ष धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत अपना बयान दर्ज कराया।
ऐसा माना जा रहा है कि उनसे ईडी के उन आरोपों के संबंध में पूछताछ की गई है, जिसमें दावा किया गया है कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और बिभव कुमार समेत कम से कम 36 आरोपियों ने कथित घोटाले में हजारों करोड़ रुपये की रिश्वत के सबूत छिपाने के लिए 170 फोन नष्ट किए, उनका इस्तेमाल किया या बदला।
ईडी की ओर से अदालत में दायर आरोपपत्र में कहा है कि सितंबर, 2021 से जुलाई 2022 के बीच बिभव कुमार के मोबाइल नंबर की आईएमईआई (अंतरराष्ट्रीय मोबाइल उपकरण पहचान) चार बार बदले गए।
ईडी के दूसरे आरोपपत्र में केजरीवाल का भी नाम
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली शराब घोटाले में अपने दूसरे आरोपपत्र में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम भी लिया है। ईडी के मुताबिक, सिसोदिया के पूर्व सचिव ने भी ईडी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया कि आबकारी नीति पर जीओएम रिपोर्ट उसे मार्च, 2021 में सिसोदिया की ओर से मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर दी गई।
आबकारी नीति 2021-22 पिछले साल अगस्त में रद्द की गई और दिल्ली के उपराज्यपाल ने बाद में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कथित अनियमितताओं की जांच करने के लिए कहा। ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग का मामला सीबीआई की प्राथमिकी से निकला है।
26 को सिसोदिया से पूछताछ
गौरतलब है कि मामले में सीबीआई भी जांच कर रही है। इसको लेकर सीबीआई ने सिसोदिया को दोबारा समन भेजा है। सिसोदिया से ईडी 26 फरवरी को पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी ने मनीष सिसोदिया को इससे पहले 19 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने पेश होने के लिए एक हफ्ते का समय मांगा था। सीबीआई ने सिसोदिया को 1 हफ्ते का समय दिया है।
अब तक ईडी ने दाखिल किए दो आरोपपत्र, नौ गिरफ्तार
ईडी ने इस मामले में अभी तक दो आरोपपत्र दाखिल किए हैं और कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। ईडी की ओर से अदालत में दाखिल आरोपपत्र में आरोप लगाया गया है कि दिल्ली आबकारी नीति के तहत कथित तौर पर ली गई 100 करोड़ रुपये की रिश्वत का इस्तेमाल केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी के 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान में किया गया। ब्यूरो/एजेंसी