दिल्ली: पहले यू-ट्यूब पर सीखा फर्जी पैन व आधार कार्ड बनाना फिर शुरू कर दी ठगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि लाहौरी गेट थाने में जितेंद्र धवन (50) नामक शिकायत दी थी कि किसी ने उनके नाम का फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाकर ठगी कर ली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में एक व्यक्ति ने यू-ट्यूब से फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाना सीखा। इसके बाद आरोपी ने उसकी मदद से एक बैंक खाता खोलकर महंगे सामान फाइनेंस कराना शुरू कर दिया। जिस व्यक्ति का फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाया गया था, उससे बैंक वालों ने पैसों की डिमांड शुरू कर दी।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी सेक्टर-78, फरीदाबाद निवासी रमन नागपाल (47) को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से फाइनेंस कराए गए दो महंगे मोबाइल फोन व फर्जी आधार और पैन कार्ड बरामद कर लिए गए। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि पिछले दिनों लाहौरी गेट थाने में जितेंद्र धवन (50) नामक शख्स ने ठगी की शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि वह पर्दों के एक शोरूम पर काम करते हैं। किसी ने उनके नाम का फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाकर ठगी कर ली है। आरोपी ने एक निजी बैंक में खाता खोलकर उसके नाम से दो महंगे मोबाइल फोन बुक करा लिये हैं। अब बैंक वाले उससे इन फोन की रकम मांग रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आधार और पैन कार्ड पर दिया गया पता भी गलत है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 13 मई को आरोपी रमन नागपाल को फरीदाबाद उसके घर से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसने ठगी की बात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि उसने अपने दोस्त अर्पित की मदद से यू-ट्यूब पर फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाना सीखा। आधार और पैन कार्ड पर आरोपी ने नाम पीड़ित का और फोटो अपना लगा दिया। इसके बाद उसने बैंक खाता खुलवाकर 90 हजार से ज्यादा की रकम के दो मोबाइल फोन फाइनेंस करवा लिये। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।