दिल्ली: पश्चिम विहार क्षेत्र में कार से कुचलकर 12वीं की छात्रा की मौत, दो छात्राएं घायल
इंटर की तीनों छात्राएं पीरगढ़ी स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय जा रही थीं जब सड़क पार करते समय उन्हें एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार छात्राओं को टक्कर मारते हुए एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आउटर दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट में एक तेज रफ्तार कार ने तीन छात्राओं को टक्कर मार दी, जिसमें एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दो छात्राएं घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि संजय गांधी अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने मनीषा कुमारी (18) को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य दो छात्राओं कल्पना और संजना को बालाजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12वीं की तीनों छात्राएं पीरगढ़ी स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय जा रही थीं जब यह हादसा हुआ। सड़क पार करते समय उन्हें एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार छात्राओं को टक्कर मारते हुए एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गई। आरोपी कार चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
आउटर के पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने कहा, ''सुबह लगभग आठ बजे पश्चिम विहार वेस्ट पुलिस स्टेशन में एक सड़क दुर्घटना की सूचना आई थी। टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि स्कूल जा रहीं तीन छात्राओं को एक कार ने टक्कर मार दी, जिसके बाद कार ने एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक को टक्कर मार दी। घटना में मनीषा को गंभीर चोटें आई थीं। घायल छात्रा को अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया जबकि अन्य छात्राएं खतरे से बाहर हैं।''
डीसीपी ने बताया, ''कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक फरार हो गया है। दो टीमें गठित कर आरोपी ड्राइवर तथा कार चालक की तलाश में लगा दी गई हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, कार और ट्रक के चालकों की गलती सामने आई है। तीनों छात्राएं उद्योग नगर के जेजे क्लस्टर की रहने वाली थीं।''