दिल्ली: बैंक्वेट हॉल मालिक के बेटे का अपहरण, 50 लाख रुपये लेकर छोड़ा, आशंका- किसी करीबी का हाथ
शुरुआती जांच के बाद आशंका व्यक्त की जा रही है कि कारोबारी के बेटे को अगवा करने के पीछे उसके किसी जानकार का हाथ हो सकता है। सीसीटीवी कैमरे से पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में इलाके में बदमाशों ने बैंक्वेट हॉल मालिक के बेटे को अगवा कर एक करोड़ की फिरौती मांगी। बेटे को छोड़ने के बदले बदमाशों ने 50 लाख रुपये वसूलकर उसे रिहा भी कर दिया। अगले दिन हिम्मत जुटाकर परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से की। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जिले के स्पेशल स्टाफ, एएटीएस, क्राइम ब्रांच समेत अन्य टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक कारोबारी विकास अग्रवाल (45) परिवार के साथ उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में रहते हैं। इनका जीटी करनाल रोड पर अपना बैंक्वेट हॉल है। शुक्रवार को एक कार्यक्रम के लिए विकास ने अपने बेटे किनशुक (18) को गाजीपुर फूल मंडी से फूल लेने के लिए भेजा। बेटे अपनी कार से चालक जितेंद्र व एक अन्य कर्मचारी ऋचा के साथ मंडी पहुंचा। किनशुक कार में बैठा रहा, चालक व कर्मचारी अंदर फूल लेने चले गए।
आरोप है कि मंडी के बाहर से बदमाशों ने किनशुक को पिस्टल दिखाकर बंधक बना लिया। बदमाश उसे सड़कों पर घुमाते रहे। इसके बाद किनशुक के मोबाइल से ही व्हाट्सएप कॉल कर पिता से एक करोड़ की फिरौती मांगी गई। विकास ने मिन्नतें की तो 50 लाख में बात हो गई। बदमाशों ने सुबह करीब 9.30 बजे विकास को अशोक विहार एच-ब्लॉक मोंटफोर्ड स्कूल के पास रुपये लेकर बुलाया। इसके बाद विकास को भी कार में बिठा लिया गया।
आरोपी कार लेकर मुकरबा चौक की ओर चले गए। इसके बाद दोनों को सुबह करीब 10.30 बजे पश्चिम विहार, रेडिसन होटल के पास उतारकर आरोपी फरार हो गए। आरोपियों ने पुलिस को सूचना देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी दी। विकास बुरी तरह डर गया। उसने डर की वजह से पुलिस को खबर नहीं दी। अगले दिन शनिवार को मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस विकासके कई कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।