{"_id":"6261eee283859a229e41260b","slug":"bulldozer-in-jahangirpuri-people-were-imprisoned-in-their-homes-amidst-police-guard","type":"story","status":"publish","title_hn":"जहांगीरपुरी में बुलडोजर : पुलिसिया पहरे के बीच लोग रहे घरों में कैद, नेताओं ने लगाए चक्कर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जहांगीरपुरी में बुलडोजर : पुलिसिया पहरे के बीच लोग रहे घरों में कैद, नेताओं ने लगाए चक्कर
Fri, 22 Apr 2022 05:25 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 22 Apr 2022 05:25 AM IST
सार
पुलिस कुशल चौक से लेकर मस्जिद तक के दो सौ मीटर रास्ते को बैरिकेड लगाकर उसे पूरी तरह से सील कर दिया था। लोग घरों में कैद रहे। यहां तक कि मीडिया कर्मियों को पहले सी ब्लॉक जहांगीरपुरी में जाने की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन बाद में उनके लिए अन्य दो रास्तों का इंतजाम किया गया।
विज्ञापन
जहांगीरपुरी हिंसा के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात....
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जहांगीरपुरी में बृहस्पतिवार को भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। राजनीतिक दलों के नेताओं को पहुंचने पर दिनभर सरगर्मी बनी रही। पुलिस कुशल चौक से लेकर मस्जिद तक के दो सौ मीटर रास्ते को बैरिकेड लगाकर उसे पूरी तरह से सील कर दिया था। लोग घरों में कैद रहे। यहां तक कि मीडिया कर्मियों को पहले सी ब्लॉक जहांगीरपुरी में जाने की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन बाद में उनके लिए अन्य दो रास्तों का इंतजाम किया गया।
विज्ञापन
हालांकि, अन्य दिनों की तुलना में पुलिस के लिए राहत भरा दिन रहा। बावजूद स्थानीय पुलिस पूरे इलाके के हालात पर पैनी नजर रख रही थी। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में पुलिस के आला अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए थे। यहां तक की पीसीआर की हर कॉल को पुलिस काफी गंभीरता से ले रही थी। जिला की पुलिस उपायुक्त सहित कई जिलों के अतिरिक्त उपायुक्त हालात पर नजर बनाए हुए थे। यहां तक की विशेष आयुक्त दीपेंद्र पाठक भी मौके पर हालात का जायजा ले रहे थे।
विज्ञापन
बुधवार को जहांगीरपुरी में अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए बवाल के बाद बृहस्पतिवार को माहौल काफी शांत दिखा। बीच बीच में राजनीतिक दलों के नेताओं के आने का सिलसिला जारी रहा। वहां मौजूद पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश के बाद ही नेताओं को लोगों से मिलने की इजाजत दी जा रही थी। नेताओं के साथ कम ही कम लोगों को पुलिस इलाके में आने की अनुमति दे रही थी। कम लोगों को जाने की इजाजत देने की वजह से कुछ देर के लिए वहां हलचल देखी गई लेकिन पुलिस कर्मियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कर दिया।
विज्ञापन
हिंदू और मुुस्लिम एक-दूसरे के बिना अधूरे
जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती के अवसर पर दंगा होने से समुदाय के लोग परेशान हैं। इलाके के नागरिकों का कहना है कि राजनीतिक लोगों ने अपने लाभ के लिए यहां दंगा कराया और माहौल को बिगाड़ा है, मगर उनकी मंशा पूरी होने वाली नहीं है। इलाके के लोगों का कहना है कि हिंदू और मुुस्लिम एक दूसरे के बिना अधूरे हैं।
जहांगीरपुरी में दंगा ग्रस्त इलाके में 40 साल से हिंदुओं व मुस्लिमों के मकान साथ-साथ है। इन गलियों में दो मकान हिंदुओं के है तो तीसरा मकान मुस्लिम का है। यहां तक कि मंदिर के सामने मुस्लिमों के मकान भी हैं। इन सभी के बीच कभी भी कोई झगड़ा नहीं हुआ है। बी ब्लाक निवासी युवती सुजाता कहती हैं कि हनुमान जयंती के दिन राजनेताओं ने धर्म के नाम पर लोगों को बांटने के लिए दंगा कराया। अब राजनीति करने के लिए बुलडोजर चलवाया गया।
बुलडोजर चलवाने के बजाय युवकों को रोजगार देने और लोगों की समस्याएं दूर कराने की पहल करने के लिए आना चाहिए था, मगर उनके पास इन बातों के लिए समय नहीं है। वह यहां पर चुनाव में वोट मांगने आते हैं और उस दौरान वे बड़े-बड़े वादे करते हुए वोट के लिए अपने से छोटी उम्र के लोगों के पैरों को भी पकड़ लेते है। वहीं सी ब्लाक निवासी शायमा का कहना है कि उनके कई हिंदू परिवारों से संबंध हैं। वह उनके घर पर नमाज भी अदा कर लेती है और रमजान माह में उनके घर ही रोजा खोलती है। रफीक एवं विक्की ने एक-दूसरे को राम-रहीम करार देते हुए कहा कि वे बचपन से दोस्त हैं। उनके बीच कभी हिंदू मुस्लिम वाला वाक्या नहीं हुआ। हनुमान जयंती पर बाहरी लोगों ने यहां माहौल बिगाड़ने का कार्य किया, लेकिन इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
दस्तावेज होने पर भी तोड़ दी जूस की दुकान, न्याय नहीं मिला तो खटखटाएंगे अदालत का दरवाजा
जहांगीरपुरी में अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को हुई कार्रवाई में 1977 में आवंटित दुकान को भी तोड़ दिया गया। दिल्ली फ्रूट एंड शुगरकेन जूस के मालिक दिलीप कुमार सक्सेना ने कार्रवाई पर हैरानी जताते हुए कहा कि सभी दस्तावेज होने के बाद भी उन्हें 8-10 लाख तक का नुकसान झेलना पड़ा। नुकसान की भरपाई नहीं होती है तो अदालत का भी रुख करेंगे। दिलीप कुमार का कहना है कि जी ब्लॉक में उनकी दुकान थी। कुशल सिनेमा स्थित इस दुकान में फलों के जूस की बिक्री से अपना काम चला रहे थे। इसके लिए निगम की ओर से लाइसेंस जारी हुआ और प्रॉपर्टी टैक्स भी अदा करते हैं। तोड़फोड़ से पहले न तो नोटिस मिला और न ही किसी ने कार्रवाई के वक्त कोई बात सुनी।
कमजोर वर्ग के लोगों व आजीविका पर हमला : माकन
कांग्रेस के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को हिंसा प्रभावित जहांगीरपुरी का दौरा किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें प्रभावित क्षेत्रों में जाने से रोक दिया, जहां एक दिन पहले उत्तरी एमसीडी ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया था। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन और राज्य इकाई के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल समेत अन्य शामिल थे। अजय माकन ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह अभियान कमजोर वर्ग के लोगों और उनकी आजीविका पर हमला है।
30 प्रदर्शनकारी हिरासत में : हरदीप पुरी के आवास पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
जहांगीरपुरी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के आवास के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अकबर रोड से हिरासत में लेने के बाद शाम को छोड़ दिया। प्रदर्शनकारी केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री के आवास तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने आरोप लगाया कि भाजपा देश को नफरत और हिंसा की तरफ धकेल रही है।
पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे आप नेता बैरंग लौटे
जहांगीरपुरी में अतिक्रमण हटाने के मामले में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के बाद आम आदमी पार्टी के नेता भी विरोध जताने पहुंचे। आप के दो विधायक एवं एक पार्षद अपने 50 समर्थकों के साथ तोड़फोड़ की चपेट में आए पीड़ितों से मिलने गए, लेकिन दिल्ली पुलिस ने आप के पांच नेताओं को कुशल चौक तक जाने की इजाजत दी। इतना ही नहीं, उन्हें पीड़ितों से मिलने नहीं दिया। इस कारण आप नेता मीडिया से बात करके बैरंग लौट गए। जहांगीरपुरी में आप के बुराड़ी से विधायक संजीव झा, आदर्श नगर से विधायक पवन शर्मा और मुकुंद पुर से पार्षद अजय शर्मा 50 समर्थकों के साथ बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े तीन बजे पहुंचे। दिल्ली पुलिस ने उनको कुशल चौक से करीब आधा किलोमीटर पहलेे ही रोक दिया और पुलिस ने केवल पांच व्यक्तियों को ही कुशल चौक तक जाने की इजाजत दी। आप के दोनों विधायक व पार्षद अपने दो समर्थकों के साथ पैदल कुशल चौक पहुंचे, मगर पीड़ितों से नहीं मिल सके।
भाजपा, आप को लेकर सर्वे कराएगी पार्टी : आतिशी
भाजपा और आप को लेकर जल्द ही दिल्ली सहित देशभर में आम आदमी पार्टी सर्वे कराने जा रही है। इस दौरान लोगों से दोनों पार्टियों को लेकर दो सवाल पूछे जाएंगे। यह सर्वे ऑनलाइन सहित कई मंचों के जरिये लोगों तक पहुंचाया जाएगा। बृहस्पतिवार को प्रेस कान्फ्रेंस में यह जानकारी देते हुए आप विधायक आतिशी ने बताया कि सर्वे में पहला सवाल क्या आप मानते हैं कि भाजपा ने चारों तरफ गुंडागर्दी फैलाई है? दूसरा, क्या आप मानते हैं कि आप शरीफ, पढ़े लिखे और ईमानदार लोगों की पार्टी है। सर्वे आईवीआर कॉल्स, मिस्ड कॉल, पोस्टर और सोशल मीडिया के माध्यम से लॉन्च करेंगे। सर्वे के बारे में कई स्थानों पर पोस्टर चस्पा किए जाएंगे। आप नेता ने भाजपा पार्षदों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में जगह-जगह अवैध निर्माण के पीछे इन्हीं नेताओं का हाथ है। भाजपा पार्षद रुपये लेकर अवैध निर्माण करवाते हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की उम्मीद तक जताई।