टीम योगेंद्र का पलटवार AAP से ही पूछ लिए 4 खास सवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी नेता आतिशी मरलेना की चिट्ठी पर अभी सियासत थमी नहीं है। मंगलवार को शांति भूषण पर आप के वार के बाद बुधवार को टीम योगेंद्र की तरफ से अजित झा ने कई सवाल खड़े किए हैं। झा ने इसका जवाब मांगा है।
दरअसल, दोनों गुटों में समझौता टूटने के बारे में मंगलवार को आप ने आरोप लगाया था कि शांति भूषण की जिद से आखिरी वक्त में बात बिगड़ गई थी। इसके लिए आतिशी मरलेना की चिट्ठी का भी जिक्र किया था।
वहीं, आप प्रवक्ता आलोक अग्रवाल का बयान भी आया था। इसमें उन्होंने बैठक का प्रत्यक्षदर्शी होने का दावा करते हुए आतिशी के आरोपों को सही ठहराया था।
इस बारे में राष्ट्रीय कार्यकारिणी से निकाले गए अजित झा ने कहा कि आप के नए प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने अपने पहले ही बयान मे प्रशांत भूषण के घर हुई निजी बातचीत को तोड़ मरोड़ कर सार्वजनिक किया है। बातचीत में खुद भी शामिल होने का दावा करते हुए झा ने अग्रवाल के बयान से ही कई सवाल खड़े किए हैं।
अग्रवाल से अजित झा ने मांगा जवाब
1 -आपने कहा कि दोनों पक्षों के बीच गंभीरता से बात हो रही थी। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने 28 मार्च को कहा कि बातचीत में गंभीरता नहीं थी। सिर्फ समय बिताने के लिए बात हो रही थी। ऐसे में क्या केजरीवाल ने राष्ट्रीय परिषद की बैठक में झूठ बोला?
2 -बातचीत में जिन तीन मुद्दों को आपने गिनाया, उसमें केजरीवाल को संयोजक पद से हटाने का जिक्र भी नहीं है। तो क्या संजय सिंह और आशुतोष ने मीडिया से झूठ बोला कि केजरीवाल को हटाने की मांग पर बात बिगड़ी?
3 -मुद्दों में हरियाणा में योगेंद्र की भूमिका के बारे में भी कोई जिक्र नहीं है। क्या इस बारे मे कुमार विश्वास और अन्य नेता झूठ नहीं बोल रहे हैं?
4 -क्या यह सच नहीं है कि 22 मार्च की शाम आप और पृथ्वी रेड्डी एक प्रस्ताव लेकर केजरीवाल के घर गए थे? क्या यह सच नहीं है कि उस प्रस्ताव में आपकी भी सहमति थी? क्या यह सच नहीं है कि उस प्रस्ताव को केजरीवाल ने खारिज कर दिया था? क्या उस प्रस्ताव को आप अब देश के सामने रखेंगे?