Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Work on constructing the tunnel for the Indralok-Indraprastha metro corridor will begin soon.

Delhi NCR News: इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर की सुरंग बनाने का काम जल्द शुरू होगा

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 26 Nov 2026 07:28 PM IST
विज्ञापन
सभी 10 स्टेशन होंगे भूमिगत, विस्तार के बाद 89 किमी लंबी होगी मैजेंटा लाइन, 2029 तक चालू करने का लक्ष्य
विज्ञापन


संदीप वर्मा
नई दिल्ली। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर में जल्द ही भूमिगत सुरंग बनाने का काम शुरू होगा। इसके लिए सराय रोहिल्ला स्टेशन पर डायफ्राम वॉल का निर्माण किया जा रहा है। यह काम पूरा होते ही टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) उतारकर सुरंग बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के फेज-4 के तहत बन रहे 12.377 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का करीब 11 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। इस मार्ग पर सभी 10 स्टेशन भूमिगत होंगे। इसके शुरू होने के बाद बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक मैजेंटा लाइन करीब 89 किलोमीटर लंबी हो जाएगी और दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बनेगी।
विज्ञापन

डीएमआरसी ने नौ जुलाई 2026 को सराय रोहिल्ला स्टेशन पर डायफ्राम वॉल निर्माण के साथ इस कॉरिडोर का काम शुरू किया था। सितंबर 2026 तक परियोजना की प्रगति 5.05 फीसदी दर्ज की गई थी, जो नवंबर में बढ़कर लगभग 11 फीसदी हो गई है। फिलहाल सराय रोहिल्ला में भूमिगत स्टेशन की दीवार बनाने का काम चल रहा है। दूसरी ओर, करोल बाग के अजमल खान पार्क स्टेशन के आसपास निर्माण स्थल की घेराबंदी और यातायात संकेतक लगाने की गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

पांच स्टेशनों पर सात लाइनों से इंटरचेंज
कॉरिडोर के पांच स्टेशनों पर सात मेट्रो लाइनों से जुड़ने की सुविधा मिलेगी। इंद्रलोक पर रेड और ग्रीन लाइन, नबी करीम पर मैजेंटा लाइन, नई दिल्ली पर येलो और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन, दिल्ली गेट पर वायलेट लाइन और इंद्रप्रस्थ पर ब्लू लाइन से इंटरचेंज होगा। इससे उत्तरी और पश्चिमी दिल्ली से मध्य दिल्ली, आईटीओ और इंद्रप्रस्थ आने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन तक पहुंच भी आसान होगी।
करोल बाग और पुरानी दिल्ली को मिलेगा फायदा
इस कॉरिडोर पर इंद्रलोक, दया बस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खान पार्क, झंडेवालान मंदिर, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालय-आईजी स्टेडियम और इंद्रप्रस्थ स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे करोल बाग, पहाड़गंज, झंडेवालान और पुरानी दिल्ली के आसपास के इलाकों की मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होगी। अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली सचिवालय और भारत मंडपम तक पहुंचना भी सुविधाजनक होगा।

चालक रहित परिचालन के लिए तैयार हो रही लाइन
मैजेंटा लाइन को शुरू से ही स्वचालित और चालक रहित परिचालन के अनुकूल विकसित किया जा रहा है। नए कॉरिडोर के जुड़ने के बाद बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक पूरे मार्ग पर चालक रहित मेट्रो चलाने की व्यवस्था होगी। परियोजना को मार्च 2024 में केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिली थी। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ और लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर की संयुक्त स्वीकृत लागत 8,399 करोड़ रुपये है। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed