Mahila Samridhi Yojana: महिला समृद्धि योजना को दिल्ली कैबिनेट की मंजूरी, हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये
Mahila Samridhi Yojana Delhi : जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में यदि महिला का साथ न मिलता तो दिल्ली में जीत संभव नहीं हो सकता है। महिला दिवस पर महिला सशक्ति को नमन करता हूं और दिल्ली की महिलाओं को नमन करते हुए धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने में बहुत बड़ा योगदान किया है।
विस्तार
दिल्ली कैबिनेट ने महिला दिवस पर महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये का आवंटन मंजूर किया है। जिसके तहत महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपये मिलेंगे। इसका एलान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को किया।
जिस देश में नारी का सम्मान नहीं, वो देश नहीं बढ़ सकता आगे
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मैं कहता हूं कि जिस घर में नारी का सम्मान नहीं है, वो घर आगे बढ़ नहीं सकता। जिस देश में नारी का सम्मान नहीं है, वो देश आगे नहीं बढ़ सकता। नरेंद्र मोदी ने इस बात को समझा और महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम किया।
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री और भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज हमारी सरकार का फोकस women led development पर है। प्रधानमंत्री मोदी नारी सशक्तिकरण के ध्येय साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब नारीशक्ति का विकास होता है, तो दुनिया का विकास होता है। इसलिए नारीशक्ति को भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा मूलरुप में मानकर आगे चला है।
महिलाओं के योगदान से बनी दिल्ली में भाजपा की सरकार
नड्डा ने कहा कि दिल्ली में यदि महिला का साथ न मिलता तो दिल्ली में जीत संभव नहीं हो सकता है। महिला दिवस पर महिला सशक्ति को नमन करता हूं और दिल्ली की महिलाओं को नमन करते हुए धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने में बहुत बड़ा योगदान किया है। ये जीत महिलाओं के आशीर्वाद और सहयोग से ही संभव हो पाया है।
सीएम रेखा ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर कसा तंज
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भाजपा के दिल्ली महिला मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केवल भाजपा में ही महिलाओं का सम्मान होता है। कांग्रेस काल में जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं तो उस समय उनके अलावा कोई अन्य महिला कैबिनेट में नहीं थी। वहीं आप की सरकार में महिला सांसद को घर पर बुलाकर पीटा जाता था। दिल्ली के हर जिले में वन स्टॉप सेंटर बनाया जाएगा। हर जरूरत की जगह पर पिंक शौचालय बनाएंगे। महिलाओं से जो वादा किया है उसे भी पूरा करेंगे।
महिला समर्थन के बिना दिल्ली में जीत नहीं थी संभव : जेपी नड्डा
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने महिला समृद्धि योजना लागू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस साल योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। दिल्ली की महिलाओं को सलाम करता हूं। उन्होंने भाजपा पर भरोसा जताया और दिल्ली में सरकार बनाने में बड़ा योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1952-53 में जब भारतीय जनसंघ का गठन हुआ, तब से हमारी सोच महिला शक्ति को आगे लाने की रही है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि जब महिला शक्ति विकसित होती है, तो दुनिया आगे बढ़ती है। आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना तब तक संभव नहीं है, जब तक हम महिलाओं के मन में आत्मविश्वास पैदा नहीं करते। जब महिलाओं के मन में आत्मविश्वास पैदा होता है, तो हम आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ते हैं।
सभी वादे किए जाएंगे पूरे
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार सुरक्षा, स्वास्थ्य और विकास सुनिश्चित करने के सभी वादों को पूरा करेगी। स्वास्थ्य, शिक्षा और हमारी नीतियों के मामले में दिल्ली को सुरक्षित व बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने की योजना बनाई गई है। महिला सुरक्षा बढ़ाने के हर संभव पहलू पर चर्चा की गई है। वन स्टॉप सेंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इन सेंटरों सभी प्रकार सुविधाओं को मुहैया कराया जाएगा। भाजपा ही है जो महिला शक्ति को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। आज देश का बजट महिला वित्त मंत्री पढ़ती हैं। अब देश की राजधानी दिल्ली का बजट रेखा गुप्ता पढ़ेंगी। यह भाजपा ही कर सकती है।
नारों से गूंज उठा स्टेडियम
समृद्धि योजना लागू करने की घोषणा करते ही मोदी-मोदी के नारे से स्टेडियम गूंज उठा। स्टेडियम में आईं महिलाओं में इस योजना को लेकर काफी खुशी दिखी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की महिलाएं इस योजना के एलान का काफी समय से इंतजार कर रही थीं।