महिला ने बदमाशों को सिखाया सबक: पर्स छींनकर भाग रहे लुटेरे को जमीन पर पटका, डर से बाइक छोड़कर भागे आरोपी
दिल्ली के वेलकम इलाके में महिला ने पर्स छीनने का प्रयास कर रहे बाइक सवार बदमाशों को ऐसा सबक सिखाया कि वह अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। महिला ने बहादुरी दिखाते हुए बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद शोर मचाने लगी। इतने में आरोपी पैदल ही भाग निकले। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में बाइक सवार दो बदमाश एक जांबाज महिला का पर्स छीनने की गलती कर बैठे। बहादुर महिला ने वारदात के दौरान बाइक पर पीछे बैठे बदमाश की टी-शर्ट पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। इससे दोनों बदमाश बाइक समेत नीचे गिर गए। इस दौरान महिला ने शोर मचा दिया। बाद में पकड़े जाने के डर से मजबूरन बदमाशों को मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार होना पड़ा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना स्थल से आरोपियों की बाइक बरामद कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक शाहदरा, नॉर्थ छज्जूपुर में गली नंबर तीन में सुषमा शर्मा (34) रहती हैं। इनके परिवार में पति राजेश शर्मा व अन्य सदस्य हैं। सुषमा के बच्चे लिटिल फ्लावर पब्लिक स्कूल, कबीर नगर में पढ़ते हैं। सोमवार को स्कूल खुला था, बच्चे स्कूल गए थे। दोपहर के समय सुषमा अपने बच्चों को पैदल ही स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं। इस बीच मौजपुर की ओर से पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने सुषमा के हाथ में मौजूद पर्स को छीनने का प्रयास किया। सुषमा ने पर्स नहीं छोड़ा। बदमाश ने खूब जोर लगाया, इस बीच सुषमा ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक के पीछे बैठे बदमाश की टी-शर्ट पकड़कर उसे खींच लिया। इतने में बाइक सवार दोनों बदमाश नीचे गिर गए। सुषमा के शोर मचाने पर आरोपी वहां मौके पर अपने बाइक छोड़कर पैदल ही फरार हो गए।
पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद सुषमा के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के समय बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस आशंका जता रही है कि चोरी की बाइक पर बदमाश वारदात को अंजाम देने के लिए निकले थे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मामले की छानबीन कर रही है।