सात मंजिल छेदकर महिला को लगी गोली
दिल्ली के कमला मार्केट थाना क्षेत्र के मिंटो रोड स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में सोमवार को मैनेजर की जन्मदिन पार्टी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने हवाई फायरिंग कर दी।
गोली के छर्रे सातवीं मंजिल पर कपड़े धो रहीं मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक अजीज की पत्नी जरीन (45) के सिर और हाथ में लगे।
निजी अस्पताल में भर्ती जरीन की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी गार्ड रामकरण (42) को गिरफ्तार कर डबल बैरल गन बरामद कर लिया है।
जानबूझकर चलाई थी गोली
पुलिस के अनुसार, मिंटो रोड स्थित मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर बैंक है। बैंक मैनेजर बीबी सिसोदिया का 23 जून को जन्मदिन था, साथ ही वह सोमवार को ही रिटायर हो रहे थे। इस मौके पर कर्मचारियों ने सोमवार सुबह पार्टी का आयोजन किया था।
खाने-पीने की व्यवस्था के साथ बैंडबाजे वालों को भी बुलाया गया था। सिसोदिया के आते ही बैंक के बाहर कर्मचारी ने उन्हें फूलमाला पहना रहे थे, तभी रामकरण ने अपनी डबल बैरल गन से हवा में गोली चला दी।
गोली के छर्रे सातवीं फ्लोर पर कपड़े धो रहीं जरीन के सिर और हाथ में लगे। आरोपी गार्ड ने बताया कि उसने जानबूझकर हवाई फायरिंग की थी।