{"_id":"6aeb2a8e153b512f680fe54c","slug":"woman-calls-man-to-a-cafe-for-a-meeting-and-extorts-delhi-ncr-news-c-340-1-del1011-162085-2026-11-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi NCR News: महिला ने कैफे में मिलने को बुलाकर युवक से वसूले 26 हजार, दो गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi NCR News: महिला ने कैफे में मिलने को बुलाकर युवक से वसूले 26 हजार, दो गिरफ्तार
विज्ञापन
विज्ञापन
हडसन लेन स्थित ब्लैक पैंथर कैफे में डेटिंग ऐप के जरिये ब्लाइंड डेट के बहाने बुलाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के हडसन लेन स्थित ब्लैक पैंथर कैफे में डेटिंग ऐप के जरिये ब्लाइंड डेट के बहाने बुलाकर एक युवक से करीब 26 हजार रुपये वसूल लिए गए। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहचान मयूर विहार निवासी कैफे मालिक जावेद (38) और राधा कुंज-2, नंदग्राम निवासी अनुज कुमार (24) के रूप में हुई है। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि बिहार के पश्चिम चंपारण निवासी शिकायतकर्ता एक नवंबर को डेटिंग ऐप से सान्या नाम की महिला के संपर्क में आया था। महिला ने उसे डेट पर बुलाया। उसने शाम करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पास मिलने के लिए बुलाया। वहां से वह उसे हडसन लेन स्थित एक कैफे में ले गई। कैफे में महिला ने व्हिस्की समेत कई खाद्य पदार्थ और पेय पदार्थ मंगवाए। कुछ देर बाद युवक को करीब 26 हजार रुपये का हाथ से लिखा बिल थमा दिया गया। बिल की रकम देखकर युवक ने इस पर आपत्ति जताई। आरोप है कि कैफे मालिक और कर्मचारियों ने युवक पर तत्काल भुगतान करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे धमकी दी गई और भुगतान होने तक कैफे से बाहर नहीं जाने दिया गया। फिर उसने अपने परिजनों से पैसे मंगाकर दिए।
पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि पुलिस ने कैफे मालिक जावेद (38) और अनुज कुमार (24) को कैफे से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गाजियाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। पुलिस महिला की पहचान सान्या उर्फ निकिता के रूप में कर रही है और उसकी तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
