ब्रेक की जगह दबा दिया एस्केलेटर: दिल्ली में नौसिखिए चालक सुरक्षाकर्मी को कुचला, कार छोड़कर भागा कातिल ड्राइवर
जसपाल के परिवार में पत्नी 36 वर्षीय रमनदीप कौर मानसिक रूप से बीमार हैं, 14 वर्षीय बेटी भी मानसिक रूप से कमजोर है। इसके अलावा एक सात वर्षीय बेटा और 72 वर्षीय जसपाल की मां स्वर्णा कौर हैं।
विस्तार
दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में एक नौसिखिए चालक ने कार बैक करते समय ब्रेक की जगह एस्केलेटर दबा दिया, जिससे कुछ दूरी पर कुर्सी पर बैठे दिव्यांग सुरक्षाकर्मी कार के चपेट में आ गया और कार के नीच दब गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी चालक हादसे के बाद भागने के लिए कार को आगे पीछे करने की कोशिश की, जिससे सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय जसपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौके से कार जब्त कर ली है। कार तिलक नगर निवासी नरेंद्र सिंह की है। पुलिस कार चालक की पहचान करने में जुटी है।
13 साल से थे सुरक्षाकर्मी
जानकारी के मुताबिक जसपाल सिंह संगम पार्क के राणा प्रताप बाग में पत्नी, मां, एक बेटी और एक बेटा के साथ रहते थे। एक हाथ व एक पैर लकवाग्रस्त है। जसपाल परिवार की गुजर बसर के लिए 13 वर्ष से मॉडल टाउन स्थित गुरु नानकदेव प्याऊ गुरुद्वारा के पास गुरु तेगबहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में सुरक्षाकर्मी थे। मॉडल टाउन थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक 31 दिसंबर की रात करीब 2:30 बजे पुलिस को हादसे की जानकारी मिली। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस को मौके पर एक कार मिली, जिससे हादसा हुआ था। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
गुरुद्वारे के पास कुर्सी पर बैठे जसपाल
अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि घायल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि हादसे की रात को जसपाल गुरुद्वारे के पास कुर्सी पर बैठे हुए थे। एक कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। वह कार ने नीचे फंस गए। चालक भागने के लिए कार को आगे पीछे करने लगा। जिससे पीड़ित की मौत हो गई। बाद में आरोपी चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने सियाज कार को जब्त कर लिया। जांच में पता चला कि कार तिलक नगर निवासी नरेंद्र सिंह का है।
अकेला कमाने वाले थे जसपाल
जानकारी के मुताबिक जसपाल के परिवार में पत्नी 36 वर्षीय रमनदीप कौर मानसिक रूप से बीमार हैं, 14 वर्षीय बेटी भी मानसिक रूप से कमजोर है। इसके अलावा एक सात वर्षीय बेटा और 72 वर्षीय जसपाल की मां स्वर्णा कौर हैं। जसपाल की कमाई से ही इनका परिवार चलता था। जसपाल की मौत से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है। जसपाल के बड़े भाई निर्मल सिंह ने बताया कि जसपाल के पिता का 14 वर्ष पहले देहांत हुआ था। मूलरूप से पंजाब के होशियारपुर जिला के रहने वाले थे।