स्टेशन पर अपनी करतूत से रंगेहाथ पकड़ी गई महिला
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस ने प्लेटफॉर्म पर सूरत जा रही यात्री का पर्स चोरी करने के आरोप में सब्जी मंडी निवासी अंजू (2।) को गिरफ्तार कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी महिला की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे घर से पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए लाखों के जेवर बरामद कर लिए। पुलिस चोरी के अन्य मामलों में आरोपी की संलिप्तता की जांच कर रही है।
रेलवे पुलिस उपायुक्त राकेश पवारिया ने बताया कि 24 दिसंबर को चांदनी चौक निवासी गौरव कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में चोरी की शिकायत की। उसने बताया कि उसकी बहन सुषमा बेटे के साथ सूरत जाने के लिए प्लेटफार्म नंबर तीन से राजधानी एक्सप्रेस में सवार हुई थी।
सीसीटीवी से हुआ खुलासा
रास्ते में ही बहन ने मोबाइल पर उसे बताया कि स्टेशन पर किसी ने उसके बैग से पर्स निकाल लिया है, जिसमें लाखों के हीरे के जेवरात थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्लेटफार्म नंबर तीन पर लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला।
इसमें सुषमा के सामान के पास एक महिला को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए देखा गया। पुलिस ने कूड़ा बीनने वालों, वेंडर, कुली और अन्य लोगों से पूछताछ की।
इस दौरान उक्त महिला की पहचान सब्जी मंडी निवासी अंजू के रूप में हुई। इसके बाद घर पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया गया। जांच में पता चला कि अंजू की मां भी स्टेशन पर चोरी करते हुए कई बार गिरफ्तार हो चुकी है।