बारिश से बदला दिल्ली का मौसम: राजधानी में गुलाबी ठंड का एहसास, सुबह-शाम पड़ीं बौछारें, जानें कल का पूर्वानुमान
सोमवार को हल्की बारिश से मौसम सुहावना और ठंडा रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम दर्ज हुआ। जानें कल कैसा रहेगा मौसम।
विस्तार
राजधानी में सोमवार सुबह और शाम हुई हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया। दिनभर बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गुलाबी ठंडक का एहसास हुआ। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण राजधानी के मौसम में बदलाव देखने को मिला। सोमवार सुबह लुटियन दिल्ली समेत कई इलाकों में हल्की बौछारें पड़ीं, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब छह डिग्री कम रहा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम था। इस दौरान आर्द्रता 75 से 90 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।
सूर्योदय-सूर्यास्त और तापमान
अधिकतम : 31 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम : 23 डिग्री सेल्सियस
सूर्योदय : सुबह 06:12 बजे
सूर्यास्त : शाम 18:12 बजे