दिल्ली में खौफनाक वारदात: प्याज न देने पर सब्जी वाले की चाकू गोदकर कर दी हत्या, बचाने आए भाई को भी पीटा
पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरे की जांच कर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार चार आरोपियों की पहचान प्रमोद, गुरमीत, रंजीत और मोनू के रूप में हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के नरेला इलाके में प्याज देने से मना करने पर मंगलवार रात हमलावरों ने एक सब्जी विक्रेता को चाकू से गोद दिया। विरोध करने पर विक्रेता के भाई की भी पिटाई कर दी। घायलों को पास के अस्पताल में ले जाया गया। यहां सब्जी विक्रेता को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को पकड़ लिया है। मृतक की शिनाख्त आकाश के रूप में हुई है।
वह परिवार के साथ टिकरी खुर्द में रहते थे। परिवार में माता पिता के साथ साथ अन्य सदस्य हैं। आकाश और उनके भाई विकास टिकरी खुर्द में अलग अलग सब्जी की दुकान चलाते हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे पुलिस को टिकरी खुर्द इलाके में एक सब्जी विक्रेता को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला कि कुछ हमलावरों ने आकाश और विकास के साथ मारपीट की और आकाश को चाकू गोद दिया है। दोनों घायलों को पास के अस्पताल में ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि आकाश को मृत घोषित कर दिया गया है।
घायल विकास ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे इलाके में रहने वाला प्रमोद अपने साथ नाबालिग को लेकर उसकी दुकान पर प्याज खरीदने आए थे। उस समय वह दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने उन्हें प्याज देने से मना कर दिया। इस पर दोनों लड़के विकास को गालियां देने लगे। विवाद बढ़ने पर विकास के भाई आकाश भी वहां आ गए। उस समय तो दोनों आरोपी वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद तीन अन्य साथियों के साथ आकर हमला बोल दिया। आकाश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो एक आरोपी ने उन्हें चाकू से गोद दिया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरे की जांच कर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार चार आरोपियों की पहचान प्रमोद, गुरमीत, रंजीत और मोनू के रूप में हुई है। सभी आरोपी टिकरी खुर्द में रहते हैं और पास की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।