यूपी के शहरी विकास राज्य मंत्री का मेदांता में निधन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के शहरी विकास राज्य मंत्री और मुजफ्फरनगर से विधायक चितरंजन स्वरूप का बुधवार सुबह 11.40 बजे गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल में देहांत हो गया।
वे लंबे समय से लिवर की बीमारी से ग्रस्त थे। दोपहर को उनका पार्थिव शरीर मुजफ्फनगर के लिए रवाना कर दिया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बताया गया है कि चितरंजन स्वरूप लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जुलाई में लिवर इंफेक्शन के चलते गंभीर अवस्था में उन्हें चेन्नई के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां वरिष्ठ सर्जन डॉ. मोहम्मद रेला ने परिजनों को राज्यमंत्री के लिवर प्रत्यारोपण की सलाह दी थी।
नहीं हो सका लिवर प्रत्यारोपण
परिजनों की सहमति के बाद अस्पताल प्रशासन ने प्रत्यारोपण की सभी तैयारियां पूरी भी कर ली थीं, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद हालत में सुधार न होने के कारण चितरंजन स्वरूप का लिवर प्रत्यारोपित नहीं किया जा सका।
इसके बाद परिजनों ने उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल लाने का निर्णय लिया। 25 जुलाई को एयर एंबुलेंस के जरिये राज्यमंत्री को चेन्नई से मेदांता अस्पताल लाया गया था।
यहां आईसीयू-9 में अस्पताल के वरिष्ठ लिवर ट्रांसप्लांट डॉॅ. नीरज श्राफ और उनकी टीम की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवधेश दूबे ने इसकी पुष्टि की।