टिकट मांगा तो टीटीई को चलती ट्रेन से बाहर फेंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली-फरीदाबाद सेक्शन पर बृहस्पतिवार की देर रात देहरादून एक्सप्रेस में जा रहे एक टीटीई को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया। उन्हें गंभीर चोट आई है। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना ओल्ड स्टेशन से थोड़ा आगे आगरा की ओर भगत सिंह कॉलोनी के पास की है। जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच के लिए दो टीमें बनाई गई हैं।
कोटा डिवीजन के टीटीई प्रेम सिंह मीणा की ड्यूटी देहरादून से बांद्रा टर्मिनस जाने वाली गाड़ी संख्या 19020 देहरादून एक्सप्रेस में थी। वे रात करीब 10:10 बजे ट्रेन में निजामुद्दीन से आगरा की ओर निकले थे।
टिकट बनवाने के लिए कहा तो फेंका ट्रेन से बाहर
गाड़ी 17 मिनट की देरी से भी चल रही थी। बताया जाता है कि तुगलकाबाद स्टेशन से 5-6 युवक चढ़े। रात करीब पौने ग्यारह बजे ट्रेन फरीदाबाद पहुंची।
उन्होंने युवकों का टिकट चेक किया। उन पर टिकट न होने के कारण मीणा ने टिकट बनवाने के लिए कहा। इसी बीच गाड़ी ओल्ड स्टेशन से पलवल की ओर रवाना हो चुकी थी।
बताया जाता है कि गाड़ी भगत कॉलोनी के पास पहुंची थी कि युवकों ने टिकट बनवाने के बहाने टीटीई को गेट पर बुलाकर धक्का दे दिया। ट्रेन निकलने के बाद चीख सुनने पर कॉलोनी में रहने वाले लोग ट्रैक पर आ गए और टीटीई को बीके अस्पताल में भर्ती कराया।
टीटीई की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है
लोगों ने घटना की सूचना आरपीएफ और जीआरपी को दी। आरपीएफ के एएसआई सतीश कुमार अन्य कर्मियों के साथ अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर टीटीई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहां उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। जीआरपी के डीएसपी रामचंद्र राठी का कहना है कि अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
डीएसपी के मुताबिक टीटीई के कमर और हाथ में गंभीर चोट है। घटना की जांच के लिए दो टीमें बनाई गई हैं।