फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Third-grade student collapses in classroom, passes away

संशोधित : तीसरी कक्षा की छात्रा क्लासरूम में अचेत होकर गिरी, तोड़ा दम

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 04 Nov 2026 08:54 PM IST
विज्ञापन
पूर्वी दिल्ली के स्कूल में दर्दनाक हादसा: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित निजी स्कूल में बुधवार की घटना
विज्ञापन

-खेल के पीरियड से क्लासरूम में लौटे थे छात्र-छात्राएं, क्लासरूम में पहुंचते ही अचानक हुई अचेत, हार्ट अटैक की भी आशंका
-स्कूल का स्टाफ 9 वर्षीय छात्रा को पहले नजदीकी अस्पताल ले गया, बाद में उसे प्रीत विहार के एक निजी अस्पताल ले गए, वहां मृत घोषित किया
-परिवार ने स्कूल पर लगाए आरोप, कहा-छात्रा को स्कूल से कई किलोमीटर दूर ले गया स्कूल का स्टाफ, समय पर इलाज मिलता तो बच जाती जान
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली नौ वर्षीय छात्रा की अचानक गिरने से मौत हो गई। वीडियो में दिख रहा कि खेल का समय समाप्त होने के बाद छात्रा जैसे ही अपनी कक्षा में पहुंची, वह अचानक खड़े-खड़े फर्श पर गिर पड़ी। कक्षा में मौजूद शिक्षिका ने उसे उठाकर बैठाने का प्रयास किया और तुरंत स्कूल प्रशासन को इसकी सूचना दी। छात्रा को तत्काल पांडव नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। इसके बाद स्कूल प्रशासन छात्रा को निर्माण विहार स्थित एक अन्य निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और पुलिस को सूचना दी गई। बेटी की मौत की खबर सुनकर परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है और यह फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
परिवार ने लगाया लापरवाही का आरोप : दूसरी ओर, परिवार ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने कहा कि छात्रा को कोई बीमारी नहीं थी और वह पूरी तरह ठीक थी। पिता का आरोप है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी बेटी की जान चली गई। परिवार ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पांडव नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि नौ वर्षीय छात्रा अपने परिवार के साथ त्रिलोकपुरी इलाके में रहती थी। परिवार में माता-पिता और अन्य सदस्य हैं। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता इलाके के एक जिम में ट्रेनर हैं। इसके अलावा वह मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस चालक के रूप में भी कार्यरत हैं।
विज्ञापन

तीसरी कक्षा में पढ़ती थी छात्रा : छात्रा मयूर विहार फेज-2 स्थित निजी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे उसके पिता उसे स्कूल छोड़कर आए थे। करीब 10 बजे परिवार को स्कूल से बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। घर पर मौजूद उसकी मां तुरंत स्कूल की ओर रवाना हुईं। बाद में वह स्कूल स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्हें बेटी की मौत की जानकारी मिली। स्कूल के शिक्षकों ने परिवार को बताया कि सुबह करीब 8:30 से 9:10 बजे तक स्कूल में पीटी पीरियड था। पीरियड समाप्त होने के बाद सभी बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में लौट आए। छात्रा भी कक्षा में आकर खड़ी हो गई। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि उसने दोनों हाथ कमर पर रखे और अचानक मुंह के बल फर्श पर गिर गई। गिरने से उसकी ठोड़ी पर भी चोट लगी। घटना की जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने स्कूल पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस ने स्कूल का सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

स्कूल प्रबंधन ने कहा : स्कूल प्रशासन ने कहा कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। छात्रा को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था। इसके बाद उसे निर्माण विहार स्थित बड़े अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। स्कूल प्रशासन ने मामले की हर तरह की जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article