Delhi: दिल्ली-एनसीआर के पांच स्टेशनों का बदलेगा रंग-रूप, पीएम मोदी छह अगस्त को रखेंगे पुनर्विकास की आधारशिला
उत्तर रेलवे के दिल्ली कैंट, सब्जी मंडी, नरेला, गाजियाबाद व फरीदाबाद समेत दिल्ली मंडल के 14 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह अगस्त को पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर रेलवे के दिल्ली कैंट, सब्जी मंडी, नरेला, गाजियाबाद व फरीदाबाद समेत दिल्ली मंडल के 14 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह अगस्त को पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। चयनित स्टेशनों का पूरा स्वरूप बदलेगा और यात्रियों को वैश्विक सुविधाएं मिलेंगी। यह सुविधाएं आने वाले 30 से 40 वर्षों के मुसाफिरों के दबाव को देखते हुए विकसित होंगी। इसके साथ ही स्टेशनों में स्थानीय कला व संस्कृति को दर्शाया जाएगा। दिल्ली मंडल में 33 करोड़ की लागत आने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर के पांच स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को लास्ट माइल की सुविधा मिलेगी। इसके लिए स्टेशनों में इंटर मॉडल इंटीग्रेशन सिस्टम लागू किया जाएगा। इसमें टैक्सी, ऑटो व ई-रिक्शा की अलग-अलग लेन निर्धारित की जाएंगी। ऐसे में यात्रियों को स्टेशन से निकलने व जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही मेट्रो स्टेशन को जोड़ने के लिए ब्रिज बनाया जाएगा।
इस योजना के तहत चुने गए स्टेशनों के भवनों की मरम्मत की जाएगी। अगर कोई बिल्डिंग पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है, तो नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रवेश और निकास द्वार के भी सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा। चुने गए स्टेशनों पर यात्रियों के बैठने या फिर रुकने के लिए वेटिंग लाउंज और कैफेटेरिया भी बनाया जाएगा। शौचालय भी अपग्रेड होंगे। स्टेशनों के बीचों-बीच 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा। इससे यात्री एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक आसानी से पहुंच सकेंगे। रेलवे स्टेशनों को खूबसूरत बनाकर उनका कायाकल्प करने की तैयारी चल रही है।
योजना के तहत दिव्यांगों को स्टेशन से प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रैंप बनाए जाएंगे। एस्कलेटर व लिफ्ट की सुविधाओं को भी अपग्रेड किया जाएगा। नीचे हो गए प्लेटफॉर्म को ऊंचा किया जाएगा। इसी तरह यात्रियों के लिए प्रतीक्षा कक्ष के साथ वाहनों की पार्किंग की सुविधा के उचित इंतजाम किए जाएंगे। सभी स्टेशन सीसीटीवी व वाईफाई सुविधा से लैस होंगे। स्टेशनों पर बेहतर लाइटिंग की जाएगी। हर किसी को स्टेशन व प्लेटफॉर्म की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे।
योजना को बड़े स्वरूप में लिया गया है। यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सकें, इसको लेकर उत्तर रेलवे लगातार कार्य कर रहा है। योजना पूरी होने बाद यात्रियों को स्टेशन उन्नत रूप में दिखेंगे। दिल्ली मंडल में 33 करोड़ की लागत आने का अनुमान है। - शोभन चौधरी, जरनल मैनेजर, उत्तर रेलवे