फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   The 5.5 km elevated corridor will bypass traffic at 12 intersections.

Delhi NCR News: 5.5 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर से 12 चौराहों का ट्रैफिक होगा बाईपास

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 23 Sep 2026 07:05 PM IST
विज्ञापन
यूटीपेक की 70वीं बैठक में आठ बड़े फैसले-छह मेट्रो स्टेशनों की मल्टी मॉडल इंटीग्रेशन योजनाएं और दो सड़क परियोजनाएं
विज्ञापन

आउटर रिंग रोड से महरौली-बदरपुर रोड तक बनेगा छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर
मुकरबा चौक पर आरओबी छह से 10 लेन होगा, नया चार लेन पुल बनने से 20 फीसदी ट्रैफिक हटेगा

अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
आउटर रिंग रोड पर मां आनंदमयी मार्ग और मुकरबा चौक के आसपास यातायात का दबाव कम करने के लिए दो बड़ी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। मां आनंदमयी मार्ग पर आउटर रिंग रोड से महरौली-बदरपुर रोड तक करीब 5.5 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह करीब 12 चौराहों के यातायात को ऊपर से निकालते हुए उन्हें बाईपास करेगा। वहीं, मुकरबा चौक पर मौजूदा छह लेन के रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को बढ़ाकर 10 लेन किया जाएगा। साथ ही जहांगीरपुरी औद्योगिक क्षेत्र से संजय गांधी परिवहन नगर के बीच दिल्ली-सोनीपत रेल लाइन के ऊपर चार लेन का नया आरओबी बनाया जाएगा।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में बुधवार को हुई एकीकृत यातायात एवं परिवहन अवसंरचना नियोजन एवं अभियांत्रिकी केंद्र (यूटीपेक) की 70वीं बैठक में दिल्ली की यातायात व्यवस्था से जुड़े आठ प्रमुख प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सड़क यातायात के साथ मेट्रो स्टेशनों के आसपास पैदल यात्रियों और अंतिम छोर तक संपर्क बेहतर करने पर भी जोर दिया गया।
विज्ञापन

मां आनंदमयी मार्ग पर ओखला औद्योगिक क्षेत्र के पहले और दूसरे चरण से आने-जाने वाले वाहनों का काफी दबाव रहता है। मार्ग में कई चौराहे होने के कारण वाहनों को बार-बार रुकना पड़ता है, जिससे व्यस्त समय में जाम की स्थिति बनती है। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद मुख्य यातायात को चौराहों से ऊपर से निकालने की योजना है। इससे आउटर रिंग रोड से महरौली-बदरपुर रोड की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन

क्राउन प्लाजा चौराहे पर अंडरपास और गोलचक्कर
ओखला एस्टेट मार्ग पर क्राउन प्लाजा चौराहे के पास अंडरपास और गोलचक्कर बनाने की योजना को भी मंजूरी दी गई है। इसका उद्देश्य चौराहे पर वाहनों के दबाव को कम करना और यातायात को अधिक व्यवस्थित करना है। सड़क पर वाहनों का दबाव घटने से पैदल यात्रियों और गैर-मोटर चालित यातायात के लिए भी बेहतर व्यवस्था विकसित करने की संभावना है।
मुकरबा चौक पर 20 फीसदी यातायात को वैकल्पिक मार्ग
मुकरबा चौक पर मौजूदा छह लेन के आरओबी को 10 लेन करने के साथ जहांगीरपुरी औद्योगिक क्षेत्र से संजय गांधी परिवहन नगर तक चार लेन का नया आरओबी बनाया जाएगा। यह नया संपर्क दिल्ली-सोनीपत रेल लाइन के ऊपर से गुजरेगा। परियोजना के पूरा होने पर मुकरबा चौक से गुजरने वाले करीब 20 फीसदी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलने का अनुमान है। इससे आउटर रिंग रोड पर मुकरबा चौक से मधुबन चौक के बीच और एनएच-44 के आसपास यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
छह मेट्रो स्टेशनों के आसपास भी बदलेगी व्यवस्था
छह मेट्रो स्टेशनों के लिए बहु-माध्यम एकीकरण (मल्टी मॉडल इंटीग्रेशन) योजनाओं को भी मंजूरी दी है। इनमें जीटीबी नगर, सरिता विहार, अक्षरधाम, रोहिणी पश्चिम, मालवीय नगर और शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इन योजनाओं के तहत स्टेशन के करीब 300 मीटर के दायरे में पैदल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित आवाजाही और अंतिम छोर तक संपर्क बेहतर किया जाएगा।
सभी 31 मेट्रो स्टेशनों की योजनाओं को मिली मंजूरी
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने दिल्ली के चरण-1 और चरण-2 के मेट्रो गलियारों के 31 स्टेशनों के लिए मल्टी मॉडल इंटीग्रेशन योजनाएं तैयार की थीं। छह नई योजनाओं को मंजूरी मिलने के साथ अब इन सभी 31 स्टेशनों की योजनाओं को यूटीपेक की स्वीकृति मिल चुकी है। इसका उद्देश्य मेट्रो स्टेशनों को आसपास के सड़क नेटवर्क, पैदल मार्ग और परिवहन के अन्य साधनों से बेहतर तरीके से जोड़ना है। बैठक में दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली सरकार, यातायात पुलिस, डीएमआरसी, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, रेलवे और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इन आठ परियोजनाओं पर शुरू होगा काम
मां आनंदमयी मार्ग: आउटर रिंग रोड से महरौली-बदरपुर रोड तक 5.5 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। करीब 12 चौराहों का यातायात इसके ऊपर से गुजरेगा।
मुकरबा चौक: मौजूदा छह लेन के आरओबी को 10 लेन किया जाएगा। जहांगीरपुरी औद्योगिक क्षेत्र से संजय गांधी परिवहन नगर तक चार लेन का नया आरओबी बनेगा।
जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन: अंतिम छोर तक संपर्क, पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवाजाही बेहतर की जाएगी।
सरिता विहार मेट्रो स्टेशन: स्टेशन तक पहुंच और आसपास पैदल आवाजाही को सुगम बनाया जाएगा।
अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन: यात्रियों के लिए बेहतर संपर्क और विभिन्न परिवहन साधनों के बीच समन्वय की व्यवस्था की जाएगी।
रोहिणी पश्चिम मेट्रो स्टेशन: स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में यात्रियों की आवाजाही तथा अंतिम छोर तक संपर्क बेहतर होगा।
मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन: पैदल यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन तक पहुंच को सुगम बनाया जाएगा।
शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन: पैदल आवाजाही, यात्री सुविधाओं और अंतिम छोर तक संपर्क को बेहतर किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed