स्कूल से लौट रही बच्ची को टेंपो ने कुचला, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई दिल्ली के भजनपुरा के गांवड़ी इलाके में तेज रफ्तार टेंपो ने सात साल की बच्ची को कुचल दिया। जख्मी हालत में अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने चालक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, शुक्रवार सुबह हर्ष विहार में एक ट्रैक्टर ने सात साल के बच्चे को कुचल दिया। बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक मीना (7) अपने परिजनों के साथ चार पुश्ता गांवड़ी में रहती थी। परिवार में पिता ताजमुद्दीन, मां जेहरूननिशा, भाई आलम, बहन शहजादी, खुशबू, तेजमीना हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर मीना दो बहनों शहजादी और खुशबू के साथ तिकोना पार्क गांवड़ी स्थित एमसीडी स्कूल से लौट रही थी। स्कूल के पास ही तेज रफ्तार टेंपो ने उसे कुचल दिया।
पिता की आंखों के सामने हुआ हादसा
स्कूल से बच्चों को लाने गए उसके पिता और वहां मौजूद लोग मीना को जगप्रवेश अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी चालक की पहचान झिलमिल कॉलोनी निवासी गणेश के रूप में हुई। भजनपुरा थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मीना के पिता दरी बुनकर ताजमुद्दीन ने बताया कि हादसा उसकी आंखों के सामने हुआ। वह बेटी से 10 कदम की दूरी पर था और चाह कर भी उसे बचा नहीं पाया। वह सुबह अपनी बेटियों को स्कूल छोड़ने जाता है और दोपहर में खुद ही उन्हें लेकर आता है। बृहस्पतिवार को तीनों बेटियां छुट्टी के बाद स्कूल से बाहर निकलीं। जब वह उनसे 10 कदम की दूरी पर था, इसी दौरान टेंपो ने मीना को कुचल दिया।