Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Indian Railways: Changes to routes and departure times for several trains today

भारतीय रेल: आज कई ट्रेनों के मार्ग और प्रस्थान समय में बदलाव, सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर बढ़ेगी संचालन क्षमता

Mon, 30 Nov 2026 01:44 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Mon, 30 Nov 2026 01:44 AM IST
सार

इसके तहत एक ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलेगी, जबकि दो ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित कर चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है।

विज्ञापन
Indian Railways: Changes to routes and departure times for several trains today
आनंद विहार स्टेशन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

रेलवे में चल रहे विकास कार्यों के चलते कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इसके तहत एक ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलेगी, जबकि दो ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित कर चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है।

विज्ञापन


रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 15733 बालूरघाट-भटिंडा एक्सप्रेस 30 नवंबर को परिवर्तित मार्ग पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल होकर चलेगी। इस दौरान वाराणसी, जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, लखनऊ चारबाग और उन्नाव समेत 15 स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा।
विज्ञापन


ट्रेन संख्या 13009 हावड़ा-योग नगरी ऋषिकेश दून एक्सप्रेस सोमवार को रात 8:25 बजे के बजाय 10:25 बजे रवाना होगी। इसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक 180 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। वहीं, ट्रेन संख्या 03009 हावड़ा-आनंद विहार स्पेशल मंगलवार रात 1:55 बजे रवाना होगी। इसका प्रस्थान समय दो घंटे बढ़ाया गया है। इसे भी रास्ते में 120 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। ट्रेन संख्या 13038 देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस भी 120 मिनट नियंत्रित होकर चलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


उधर, झांसी-भंडई के बीच खारी नदी पुल पर गर्डर बदलने के कारण ट्रेन संख्या 12171 लोकमान्य तिलक-हरिद्वार एक्सप्रेस बीना-रुठियाई-सोगरिया-मथुरा मार्ग से चलेगी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और आगरा छावनी पर इसका ठहराव नहीं होगा।

इसके अलावा, ट्रेन संख्या 64074 नई दिल्ली-झांसी सोमवार को कोसीकलां तक चलेगी और 64073 धौलपुर-नई दिल्ली का संचालन कोसीकलां से होगा। दोनों ट्रेनों का एक-एक फेरा प्रभावित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले वेबसाइट या 139 हेल्पलाइन से जानकारी लेने की सलाह दी है।

सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर बढ़ेगी संचालन क्षमता
राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल सब्जी मंडी स्टेशन पर ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत रेलवे यार्ड के दिल्ली छोर पर शंटिंग नेक और सातवीं रेल लाइन का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के लिए ओवरहेड बिजली आपूर्ति व्यवस्था में भी जरूरी बदलाव होंगे। इससे बिहार, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा की ओर जाने वाली ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

दरअसल, दिल्ली के रेल नेटवर्क पर लंबी दूरी की यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का भी लगातार दबाव बना रहता है। ऐसे में ट्रेनों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने के लिए मुख्य रेल लाइनों और प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाने के साथ रेलवे यार्ड की क्षमता बढ़ाना भी जरूरी है। यार्ड में ट्रेनों को खड़ा करने, उनके डिब्बों को अलग-अलग करने और एक लाइन से दूसरी लाइन पर ले जाने की व्यवस्था मजबूत होने से परिचालन अधिक सुचारु हो सकता है। सब्जी मंडी यार्ड में प्रस्तावित निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कई राज्यों की ट्रेनों को मिलेगा फायदा
सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन से बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन होता है। रेल यातायात का दबाव बढ़ने पर ट्रेनों के परिचालन में देरी की आशंका रहती है। रेलवे के अनुसार, लगातार बढ़ते यातायात को देखते हुए मौजूदा ढांचे की क्षमता बढ़ाना जरूरी हो गया है। यार्ड में अतिरिक्त रेल लाइन और शंटिंग नेक बनने से ट्रेनों के संचालन के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे। इससे दिल्ली के रेल परिचालन ढांचे को मजबूती मिलेगी।

मुख्य लाइन पर कम होगा परिचालन का दबाव
रेलवे परिचालन में शंटिंग नेक एक अतिरिक्त ट्रैक होता है। इसका इस्तेमाल रेलगाड़ियों और उनके डिब्बों को एक लाइन से दूसरी लाइन पर ले जाने, अलग-अलग करने और यार्ड में खड़ा करने के लिए किया जाता है। इसके अभाव में कई बार इन गतिविधियों के लिए मुख्य रेल लाइन का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे दूसरी ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। सब्जी मंडी यार्ड में शंटिंग नेक बनने से डिब्बों को व्यवस्थित करने और ट्रेनों की दिशा बदलने जैसी गतिविधियां मुख्य लाइन से अलग की जा सकेंगी। इससे मुख्य रेल लाइन पर अनावश्यक दबाव कम होगा और यार्ड में ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।

ओवरहेड बिजली व्यवस्था में भी बदलाव
सातवीं रेल लाइन के निर्माण के साथ ओवरहेड बिजली आपूर्ति प्रणाली में भी बदलाव किए जाएंगे। इसके तहत नई लाइन के अनुरूप बिजली के तारों, खंभों और संबंधित उपकरणों को व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि इलेक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेनों का संचालन सुरक्षित तरीके से हो सके। इस पूरी परियोजना पर करीब 1.45 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

दो रेलखंडों पर कवच प्रणाली को मंजूरी
रेलवे की योजना केवल रेल लाइनों की क्षमता बढ़ाने तक सीमित नहीं है। रेल परिचालन को सुरक्षित बनाने के लिए सिग्नल व्यवस्था का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली मंडल के रेवाड़ी-दिल्ली और शकूरबस्ती-बठिंडा रेलखंडों सहित संबंधित शाखा लाइनों पर कवच प्रणाली लगाने को मंजूरी दी गई है। करीब 680 मार्ग किलोमीटर में कवच 4.0 प्रणाली लगाने पर लगभग 206 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कवच स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है। यह ट्रेनों की गति और उनके बीच की दूरी पर नजर रखती है। निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन होने या टक्कर की आशंका बनने पर यह लोको पायलट को चेतावनी देती है। जरूरत पड़ने पर प्रणाली स्वत: ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोकने में भी सक्षम है। इससे रेल परिचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

कुछ टिकट मशीनें खराब, जो ठीक उससे काटने पर कर्मी कर रहे वसूली
आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए यात्री सुविधा केंद्र में टिकट लेने के लिए लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। केंद्र में 14 टिकट काउंटर और करीब 15-16 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) लगी होने के बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। अधिकांश टिकट काउंटर्स पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति और पांच-छह मशीनों के खराब होने से टिकट लेने में काफी समय लग रहा है।


टिकट के नाम पर वसूला जा रहा अतिरिक्त शुल्क
एटीवीएम से टिकट बनाने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क लेने की शिकायत भी सामने आई है। यात्रियों का आरोप है कि मशीन से टिकट निकालने में मदद करने वाले लोग निर्धारित किराये के अतिरिक्त रुपये मांगते हैं और अगर अतिरिक्त शुल्क न दे तो टिकट देने से मना कर देते हैं। इससे टिकट लेने के लिए यात्रियों को अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।

लोग बोले...
यात्री सुविधा केंद्र केवल नाम के लिए बना दिया है। टिकट लेने के लिए लंबी-लंबी कतार में लगना पड़ रहा है।
-मो. शमशेर

मशीनें खराब होने की वजह से टिकट निकाल नहीं पा रहे हैं। जो मशीन ठीक है, वहां अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है।
-रितिक पाश्वन

कहने को 14 टिकट विंडो है लेकिन 5 विंडो ही खुला रहता है। मुझे टिकट के लिए 30 रुपये अतिरिक्त देने पड़े।
-रवि रंजन कुमार

सोचा था यात्री सुविधा केंद्र का निर्माण हुआ है तो यात्रियों को कुछ राहत मिलेगी, लेकिन यहां अब भी आपाधापी लगी हुई है।
- राकेश यादव


 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed