दिल्ली में पकड़ा गया ऐसा दर्जी: जो दिन में सिलता कपड़े... रात को सुई की जगह थामता था पिस्टल, दर्ज हैं 26 केस
29 वर्षीय जोगिंदर पेशे से दर्जी है। उसके खिलाफ पहले से 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह राजौरी गार्डन थाने का घोषित बदमाश है। विस्तार से पढ़ें पूरी खबर-
विस्तार
ख्याला इलाके में दिन में दर्जी का काम और रात में चोरी और लूटपाट करने वाले एक घोषित बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश की पहचान रघुवीर नगर निवासी जोगिंदर उर्फ बबलू के रूप में हुई है। वह गोली मारने की धमकी देकर वारदात को अंजाम देता था। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने पिस्टल, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 10 जनवरी की रात गंदा नाला के पास एक व्यक्ति को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल और कारतूस मिला। पुलिस ने उसकी बाइक की जांच की तो पता चला कि बदमाश इसे लक्ष्मी नगर से चुराई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि 29 साल के जोगिंदर पेशे से दर्जी है। उसपर पहले से 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह राजौरी गार्डन थाने का घोषित बदमाश है। पूछताछ में उसने वारदातों में शामिल होने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि लोगों को धमकाने के लिए वह पिस्टल का इस्तेमाल करता था।