जंतर-मंतर मारपीट मामला: स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत, संसद मार्ग थाने पर समर्थन में प्रदर्शन
स्वतंत्र भारद्वाज को संजय आजाद से कथित मारपीट के मामले में एक दिन की दिल्ली पुलिस हिरासत में भेजा गया है। उन्हें कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर स्थित न्यायाधीश के आवास पर पेश किया गया। हिरासत के विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने संसद मार्ग थाने पर प्रदर्शन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वतंत्र भारद्वाज को मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस की एक दिन की हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने उन्हें कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर स्थित संबंधित न्यायाधीश के आवास पर पेश किया, जहां से अदालत ने एक दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की।
यह मामला जुलाई में दिल्ली में हुए जंतर मंतर प्रदर्शन के दौरान 14 वर्षीय सीजेपी कार्यकर्ता निशू आजाद के पिता संजय कुमार उर्फ संजय आजाद के साथ कथित मारपीट से जुड़ा है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान स्वतंत्र भारद्वाज ने संजय आजाद के साथ मारपीट की थी।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, जुलाई में हुए प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार पर कथित हमले के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
वहीं, स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिए जाने के विरोध में शनिवार को हिंदूवादी संगठनों ने संसद मार्ग थाने पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।
कथित हमलावर स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में वह कथित तौर पर संजय पर हमले की बात करता सुनाई दे रहा है। वीडियो में वह दावा करता है कि संजय के सिर में गंभीर चोट लगी थी। उसके मुताबिक उन्हें कई टांके लगे थे। हालांकि, न्यूज एजेंसी पीटीआई ने वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।
सिर फोड़ने की कही थी बात
कथित वीडियो में भारद्वाज यह कहते सुनाई देता है कि उसने निशु के पिता का सिर फोड़ा था। वह इसे भारतीय दंड संहिता की धारा 307 से जोड़ता भी सुनाई देता है। वीडियो में वह दावा करता है कि दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा उसके बड़े भाई जैसे हैं। वह यह भी कहता है कि कपिल मिश्रा के फोन के बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके अलावा वह चिराग पासवान को भी अपना बड़ा भाई बताता है।
विवाद बढ़ने के बाद शुक्रवार को पॉडकास्ट में दिए अपने बयान पर स्वतंत्र भारद्वाज ने सफाई दी। उसने बताया कि 'कपिल मिश्रा और चिराग पासवान उनके भाइयों जैसे हैं', यह बात व्यंग्य में कही थी। जंतर-मंतर पर हमले के आरोपों पर उसने कहा कि उसने आत्मरक्षा में प्रतिक्रिया दी थी। स्वतंत्र भारद्वाज ने प्रशासन का सहयोग करने का भी दावा किया।
स्वतंत्र भारद्वाज बिहार के दरभंगा का रहने वाला है। दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रवेश मिलने के बाद दिल्ली आ गया। वह खुद को हिंदूवादी कार्यकर्ता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी बताता है। जंतर मंतर पर नीशु के पिता संजय से मारपीट और पॉडकास्ट में दिए गए बयान के बाद से चर्चा में है। वहीं सीजेपी के प्रदर्शन के बाद स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।